वृंदावन: माता गोदा जी संग नौका विहार पर निकले भगवान रंगनाथ, वामन स्वरूप में दिए अलौकिक दर्शन
वृंदावन: माता गोदाजी संग नौका विहार पर निकले भगवान रंगनाथ, वामन स्वरूप में दिए अलौकिक दर्शन
वृंदावन। रंगनाथ मंदिर में भाद्रपद शुक्ल पक्ष के अवसर पर तीन दिवसीय वार्षिक नौका उत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। उत्सव के दौरान भगवान श्रीरंगनाथ अपनी अर्धांगिनी माता गोदा जी के साथ दिव्य स्वर्ण पालकी में विराजमान होकर निज मंदिर से बाहर निकले।
पारंपरिक वाद्य यंत्रों (दक्षिण भारतीय मंगला वाद्यम) की मधुर ध्वनि और वेद मंत्रों के गुंजन के बीच भगवान की पालकी को पुष्करिणी सरोवर (मंदिर के दिव्य तालाब) लाया गया, जहाँ पहले से ही भव्य रूप से सजाई गई नौका में प्रभु को विराजमान कराया गया।
भगवान वामन स्वरूप के दर्शन पाकर भावविभोर हुए श्रद्धालु
वामन द्वादशी का पावन पर्व होने के कारण भगवान श्री रंगनाथ ने इस अवसर पर भगवान वामन का विशेष स्वरूप धारण किया। भगवान के एक हाथ में कमंडल और दूसरे हाथ में छत्री सुशोभित थी। प्रभु के इस अलौकिक और दुर्लभ स्वरूप के दर्शन के लिए पुष्करिणी सरोवर के चारों ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे परिसर में जयकारों की गूंज से माहौल भक्तिमय हो गया।
जगमगा उठी पुष्करिणी, भव्य आरती का हुआ आयोजन
नौका उत्सव को लेकर पुष्करिणी सरोवर को आकर्षक रंग-बिरंगी झालरों और दीपों से दुल्हन की तरह सजाया गया था। रोशनी से नहाया सरोवर और उसमें तैरती जगमगाती नौका का दृश्य अत्यंत विहंगम प्रतीत हो रहा था। नौका विहार के दौरान जैसे ही भगवान की यात्रा सरोवर के चारों कोनों पर पहुँचती, वहाँ मौजूद पुजारियों द्वारा वैदिक परंपरा के अनुसार भगवान की भव्य आरती उतारी जाती।
जानिए क्या है इस उत्सव की मान्यता व परंपरा
श्री रंगनाथ मंदिर अपनी विशेष परंपराओं के लिए प्रसिद्ध है, जहाँ दक्षिण और उत्तर भारत की संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। यहाँ वर्ष भर विभिन्न धार्मिक उत्सवों की प्रधानता रहती है। इसी कड़ी में आयोजित होने वाले इस 3 दिवसीय नौका उत्सव में विशेष नियम का पालन होता है:
प्रथम दिन: भगवान रंगनाथ नौका में विराजमान होकर पुष्करिणी सरोवर के 5 चक्र (भ्रमण) लगाते हैं।
अंतिम दो दिन: भगवान सरोवर में 7-7 चक्र लगाकर भक्तों को दर्शन देते हैं।
उत्सव के दौरान दिल्ली से आए प्रसिद्ध शास्त्रीय संगीत के मूर्धन्य कलाकार डॉ. वासुदेवन ने अपनी मधुर गायकी और भजनों की प्रस्तुति से भगवान रंगनाथ को रिझाया, जिसे सुनकर उपस्थित भक्तजन भावविभोर हो गए।



