RBI का बड़ा फैसला: 2,000 के नोट वापस लेगा रिजर्व बैंक, 30 सितंबर तक बदले जाएंगे नोट

  • Friday May 19 2023 - 08:09 PM
  •  

नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक ने बड़ा फैसला लिया है। केंद्रीय बैंक ने 2000 रुपये के नोट को चलन से वापस लेने की घोषणा की है। आरबीआई ने बैंकों को सलाह दी है कि वे तत्काल प्रभाव से 2000 रुपये मूल्यवर्ग के नोट जारी करना बंद करें। हालांकि ये बैंक नोट वैध मुद्रा बने रहेंगे। आरबीआई ने ये निर्देश अपने एक ट्विट करके जारी किया है। जिसमें यह भी स्पष्ट किया गया है कि 2000 हजार का नोट छापने का कार्य वर्ष 2018-19 में ही बंद कर दिया था। 

आरबीआई ने बैंकों को 30 सितंबर, 2023 तक 2000 रुपये के नोट लेकर बदलने के निर्देश दिए हैं। एक बार में अधिकतम 20 हजार रुपये की कीमत के नोट ही बदले जाएंगे। ये सुविधा 23 मई से देशभर के सभी बैंकों में उपलब्ध होगी। अब बैंक 2,000 रुपये के नोट जारी नहीं करेंगे।

साल 2016 में लाया गया था 2,000 का नोट

आरबीआई ने एक बड़ा फैसला लेते हुए साल 2016 के नवंबर में नोटबंदी की घोषणा की थी। तब नोटबंदी के दौरान 500 रुपये और 1000 रुपये के पुराने नोट बंद कर दिए गए थे, जिसके बाद करेंसी की जरूरत को पूरा करने लिए 2000 रुपये के नोट लाए गए थे। ये नोट 8 साल बाद चलन से बाहर होने जा रहा है।