संत प्रेमानंद के शिष्य रसिक दुलारी की मौत के मामले में आयोग सख्त, FIR दर्ज के निर्देश, उच्च स्तरीय जांच होगी

  • Tuesday October 06 2026 - 01:09 AM
  •  

  • CCTV फुटेज लीक होने पर मथुरा पुलिस से जवाब तलब

वृंदावन। संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (SC/ST) आयोग की सदस्य नीरज गौतम सोमवार को मथुरा पहुंचीं और मामले की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को घटना के संबंध में FIR दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।

आयोग की सदस्य नीरज गौतम ने स्पष्ट किया कि मामले में जल्द से जल्द मुकदमा दर्ज कर उच्च स्तरीय (हाई लेवल) जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

CCTV फुटेज लीक होने पर खड़े किए सवाल

घटना के बाद से सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहे नए-नए CCTV वीडियो को लेकर भी आयोग सख्त नजर आया। नीरज गौतम ने मथुरा पुलिस से सीधी जवाबदेही तय करते हुए पूछा— "जब घटना के तुरंत बाद पुलिस ने CCTV का डीवीआर (DVR) अपने कब्जे में ले लिया था, तो इसके बावजूद अलग-अलग CCTV फुटेज लगातार सोशल मीडिया पर कैसे सामने आ रहे हैं?" उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जांच को प्रभावित करने या साक्ष्यों से छेड़छाड़ करने वाली किसी भी गतिविधि को बेहद गंभीरता से लिया जाए और लीक के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए।

10 दिन बाद भी FIR न होने पर उठे थे सवाल

गौरतलब है कि 25 सितंबर की सुबह रसिक दुलारी शरण की चार मंजिला इमारत से गिरने के कारण मौत हो गई थी। घटना के 10 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा FIR दर्ज न किए जाने को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। इसी बीच एक के बाद एक कई CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने से साक्ष्यों की सुरक्षा और पुलिस की कार्यप्रणाली पर चर्चाएं तेज हो गईं।

अब मुख्य सवाल यह बना हुआ है कि यदि CCTV का DVR पुलिस के पास सुरक्षित है, तो ये गोपनीय फुटेज बाहर कैसे पहुंच रहे हैं? क्या इन फुटेज के वायरल होने से मुख्य जांच प्रभावित हो सकती है? इन सभी सवालों का जवाब पुलिस की आगामी आधिकारिक कार्रवाई से ही साफ हो सकेगा।