मथुरा से सीएम योगी ने किया जन विश्वास यात्रा का शुभारंभ, सपा, बसपा, कांग्रेस पर बोला हमला
मथुरा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीकृष्ण जन्म स्थान पहुंचकर भगवान केशव देव, गर्भ ग्रह और भागवत भवन के दर्शन किए। भागवत भवन में सेवायतों ने विधि विधान से सीएम योगी को पूजा-अर्चना कराई, जहां मुख्यमंत्री ने जन विश्वास यात्रा की सफलता की कामना की।
आज के दिन 1927 में देश की स्वाधीनता के लिए अपना बलिदान देने वाले पं. रामप्रसाद बिस्मिल, रोशन सिंह, अस्फाक उल्ला खां, राजेन्द्र कुमार जैसे क्रान्तिकारियों को फांसी की सजा हुई थी। आज पूरा देश उन महान क्रान्तिकारियों को बार-बार स्मरण कर रहा है। आज जन विश्वास यात्रा केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की विकास की यात्रा को जन विश्वास में बदलने के लिए जनता जर्नादन का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए एक साथ प्रदेश के 06 स्थानों से प्रारम्भ हो रही है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मैं अपना सौभाग्य मानता हॅू कि भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर मुझे इस यात्रा का शुभारम्भ करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। इस वर्ष के प्रारम्भ में साधु, संत, मंहन्त आदि के आशीर्वाद से एवं मंत्री, सांसद, विधायक और ब्रजतीर्थ विकास परिषद के सहयोग से पहली बार भव्य वैष्णव कुम्भ यमुना नदी के तट पर करने का शुभ अवसर प्राप्त हुआ था और उस आयोजन में मुझे जुड़ने का सौभाग्य मिला। ब्रज की धरती का कण-कण कृष्ण एवं राधारानी की लीलाओं से भरा पड़ा है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के पौने पांच वर्ष के कार्यकाल में पूरे प्रदेश में किसी प्रकार का कोई दंगा नहीं हुआ है। प्रदेश में प्रत्येक व्यक्ति सुरक्षित है और महिलाओं को सम्मान दिया जाता है तथा गरीबों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया है। पिछली सरकारों में कोसीकला और जवाहर बाग वाले प्रकरण हुए। पहले व्यापारी और हिन्दु प्रताड़ित होते थे और उन्हें मजबूर होकर पलायन करना पड़ता था, किन्तु वर्तमान सरकार में पलायन नहीं होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री जी ने गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया, जो प्रदेश के विकास की रीढ की हड्डी बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का 135 करोड़ जनता ही उनका परिवार है, जबकि विपक्ष के लोगों का अपने ही व्यक्ति के परिवार का विकास करना ही देश और प्रदेश का विकास है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार देश का विकास कर रही है। जब मथुरा वृन्दावन नगर निगम बना, जब ब्रजतीर्थ विकास परिषद का गठन हुआ, जब मथुरा जनपद के विभिन्न स्थलों को तीर्थस्थल घोषित कर मास की बिक्री पर रोक लगाई गयी, तो कुछ लोगों को अच्छा नहीं लगा। जब गरीबों को फ्री राशन योजना के तहत अन्न दिया जाता है, प्रधानमंत्री 135 करोड़ जनता को फ्री वैक्सीन देते हैं, जब प्रदेश के अन्दर सुरक्षा का बेहतर वातावरण है और देश की सीमायें सुरक्षित हैं, तो विपक्ष को अच्छा नहीं लगता हैै।
गरीबों का हक उन्हें दिया, यही है रामराज्य
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कौन सा ऐसा कार्य है, जिसका हमने वादा किया और उसे पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने सबका साथ, सबका विकास और सबके विश्वास के लिए कार्य किया है। गरीबों को नि:शुल्क मकान, विद्युत कनेक्शन, फ्री शौचालय, 05 लाख रू का स्वास्थ्य बीमा जो गरीबों का हक था उसे गरीबों को दिया है यही रामराज्य है। उन्होंने कहा कि कश्मीर से धारा-370 समाप्त करके डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना पूर्ण किया है। उन्होंने कहा कि धारा-370 कश्मीर को भारत से अलग थलग तथा आंतकवाद को प्रेरित करती थी, किन्तु प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री ने इसे स्वीकार नहीं किया और मौका लगते ही 05 अगस्त 2019 को धारा-370 को समाप्त कर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 05 अगस्त 2020 को अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम के मन्दिर के निर्माण का कार्य प्रारम्भ किया। उन्होंने कहा कि आज से पांच हजार वर्ष पूर्व कंस के अत्याचारों का नाश करने के लिए जब श्रीकृष्ण अवतरित हुए, तो योग माया यहां से मीरजापुर में बिन्दवासिनी चली गयी थीं। आज उनका भी भव्य मन्दिर का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बनारस के काशी विश्वनाथ मन्दिर का भव्य निर्माण करवाया और महादेव के साथ-साथ गरीबों का भी सम्मान किया। इससे पहले किसी भी प्रधानमंत्री ने श्रमिकों पर पुष्प वर्षा नहीं की, लेकिन प्रधानमंत्री ने श्रमिकों के ऊपर पुष्पवर्षा कर उन्हें सम्मानित किया और देश का गौरव पूरी दुनिया में बढ़ाया है। प्रधानमंत्री ने प्रयागराज कुम्भ में स्वच्छता कर्मियों का भी पैर धोकर सम्मान बढ़ाया। उन्होंने किसानों को किसान सम्मान निधि से सम्मानित किया, जो आज तक किसी भी प्रधानमंत्री ने नहीं किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने माफिया, गुण्डों एवं आंतकवादी के खिलाफ सख्त कार्यवाही की है और प्रदेश से पलायन करने के लिए मजबूर कर दिया।
नए भारत से जोड़ने का रास्ता उत्तर प्रदेश से निकलेगा
उन्होंने कहा कि यही नया भारत है, इसी नए भारत से जोड़ने का रास्ता उत्तर प्रदेश से निकलेगा। जब श्रीकांत शर्मा ने लोगों को विद्युत कनेक्शन दिए तो क्या किसी की जाति पूछी थी। चौधरी लक्ष्मीनारायण ने किसानों को सुविधाएं दी तो क्या किसी की जाति पूछी थी। हमने सबका साथ लेकर सबका विकास किया। हमने वृद्धावस्था को पांच वर्ष में दोगुना किया। छोटे विक्रेता, रिक्शा चालक, पल्लेदार, रेड़ी, पटरी, ठेले वालों को भी भत्ता दिए जाने का प्रावधान किया। हमारे सभी जनप्रतिनिधि और आंगनबाड़ी कार्यकत्र्री जो कोरोना से लड़ाई में आगे रहे, उन्हें भी सरकार ने सम्मान दिया। जनता को राशन में गेहूं, चीनी, तेल, नमक आदि की डबल डोज मिल रही है।



