सरकार का ब्रज के किसी भी मंदिर के अधिग्रहण का इरादा नहींः श्याम बहादुर सिंह

  • Wednesday June 25 2025 - 03:55 PM
  •  

  • श्रीबांके बिहारी मंदिर सहित् ब्रज के 197 मंदिरों का अधिग्रहण किए जाने की सूचना पूरी तरह से भ्रामक

मथुरा। प्रदेश सरकार ब्रज के किसी भी मंदिर को अधिग्रहण करने नहीं जा रही है। श्री बांके बिहारी मंदिर को लेकर भी ऐसा कोई इरादा सरकार का नहीं है। ब्रज के 197 मंदिरों का अधिग्रहण किए जाने की सूचना पूरी तरह से भ्रामक है। यह कहना उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह का है।

मंगलवार को उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद कार्यालय में मीडिया से रूबरू होते हुए सीईओ ने कहा कि पिछले कुछ समय से सोशल साइट पर यह अफवाह तेजी से फैलाई जा रही है कि श्री बांके बिहारी के बाद ब्रज के 197 मंदिरों का सरकार द्वारा अधिग्रहण किया जाना है। इस पर स्पष्ट करना चाहता हूं कि सरकार या फिर स्थानीय प्रशासन का ऐसा कोई इरादा नहीं है। सरकार किसी भी मंदिर का अधिग्रहण नहीं करेगी। श्री बांके बिहारी मंदिर का भी कोई अधिग्रहण नहीं होने जा रहा है। 

श्रीबांके बिहारी कॉरिडोर का निर्माण सुप्रीम कोर्ट के आदेश के परिपालन में किया जा रहा है। उपरोक्त वाद में जिला न्यायाधीश ने न्यायालय को अवगत कराया था कि ब्रज के 197 मंदिरों में विभिन्न विवादों के चलते रिसीवर की तैनाती है। इसमें बलदेव, मथुरा, गोवर्धन, वृंदावन, गोकुल, बरसाना, मांट आदि स्थलों के मंदिर शामिल हैँ, इस पर उच्चतम न्यायालय ने ऐसे सभी अधिवक्ता रिसीवरों को हटाने के आदेश दिए थे। इसमें मंदिरों के अधिग्रहण का कोई आदेश नहीं है।

सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने कहा कि वृंदावन सप्त देवालय सर्किट बनाया जा रहा है। इस पर 18 करोड़ खर्च होंगे। इसमें सप्त देवायलों से जुड़े मार्ग का सौंदर्यीकरण, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, लाइटिंग, बैठने की सुविधा तथा मंदिरों के दिशा सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे। इस कार्य पर भी अफवाह फैलाई जा कि सप्तदेवालयों का अधिग्रहण किया जा रहा है, जबकि ऐसा कुछ भी नहीं हो रहा है। सरकार की इच्छा है कि कॉरिडोर के माध्यम से श्रीबांके बिहारी के दर्शन के बाद श्रद्धालुजन सप्तदेवालय भी दर्शन को पहुंचे। लेकिन इसे लेकर भी बेवजह भ्रान्तियां पैदा की जा रही हैं ।