प्राचीन वन विहार आश्रम की परिक्रमा
40 साल बाद प्राचीन वन विहार आश्रम की परिक्रमा भक्तों के लिए पुनः शुरू
- लगभग चालीस से आम भक्तों के प्रवेश पर था प्रतिबंध
वृंदावन। निंबार्क संप्रदाय से जुड़ी टोपी कुंज के संतों की तपोस्थली प्राचीन वन बिहार आश्रम में बुधवार से पुनः वन विहार आश्रम की परिक्रमा का संचालन आम भक्तों के लिए शुरू हो गया है। जिसे लेकर भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिला।
मंदिरों की नगरी वृंदावन के प्राचीन वन विहार आश्रम की परिक्रमा का विशेष महत्व है। सैकड़ों वर्ष पुरानी यह धर्म परंपरा लगभग चालीस सालों से देखरेख के अभाव में विलुप्त बंद हेा गई थी, लेकिन एक बार फिर आश्रम से जुड़ी यह धर्म परंपरा जीवंत हो गई है। आश्रम के वर्तमान पीठाधीश्वर ललिता शरण देवाचार्य महाराज का कहना है कि प्राचीन वन विहार आश्रम से ही वन विहार की परिक्रमा का शुभारंभ हुआ था। इसी आश्रम में देवर्षि नारदजी ने ठाकुर राधा मोहन सरकार के दर्शनों के साथ वन विहार की परिक्रमा की थी। तभी इस परिक्रमा को वन विहार के परिक्रमा में नाम से जाना जाता है।
किसी कारणवस विगत चालीस सालों से आम भक्तों के लिए आश्रम की परिक्रमा बंद कर दी गई थी। लम्बे अर्से के बाद एक बार फिर विलुप्त हो चुकी इस परंपरा को आश्रम में विराजित ठाकुर राधामोहन की कृपा से शुरू कर दिया गया है। आश्रम की व्यवस्थापक स्वाति शुक्ला ने बताया कि प्राचीन वन विहार आश्रम अनेकों संतों की तप स्थली रही है, जिसका पौराणिक ग्रंथों में आज भी उल्लेख किया जाता है। यहां की रज में भजनानंदी संतों की साधना की महक देखने को मिलती है जो सत सेवा के रूप में आज भी अनवरत रूप से जारी है।
उन्होंने बताया कि वन विहार आश्रम में विराजित ठाकुर राधामोहन सरकार की परिक्रमा के बिना वन बिहार की परिक्रमा अधूरी मानी जाती थी। कारणवश यह परिक्रमा काफी लंबे समय से बंद थी, लेकिन इस बार ठाकुर कृपा से वन विहार की परिक्रमा का संचालन आम श्रद्धालु के लिए शुरू कर दिया गया है। अब परिक्रमार्थी वन विहार की इस परिक्रमा को पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ पूरा कर सकेंगे। प्रातः काल आश्रम विशेष आयोजन भी किए गए।
इस दौरान संजीव पुजारी, स्वाति शुक्ला,श्याम सुंदर शर्मा, महावीर, हरि बाबा, श्याम सुंदर शर्मा, डाक्टर राजेश सूद, अनिल सूद, केशव सूद, प्रवीन नारंग, सुधा, पुरुषोत्तम शरण, राकेश शर्मा, अशोक कुमार अरोड़ा आदि के अलावा सैकड़ांे भक्त व साधु संत मौजूद रहे।



