ठाकुर बांकेबिहारी के ऑन लाइन रजिस्ट्रेशन से दर्शन पर बनी सहमति
- जिला प्रशासन, पुलिस और सेवायत गोस्वामियों के मध्य हुई बैठक
- श्री़कृष्ण जन्माष्टमी पर आठ मिनट के मंगला आरती के दर्शन होंगे लाइव
- वृंदावनवासियों को रजिस्टे्रेशन व्यवस्था से अलग रखने पर बनी सहमति
वृंदावन। सुप्रसिद्ध बांकेबिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने को लेकर मंगलवार दोेपहर को प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों के साथ मंदिर के सेवायत गोस्वामियों की बैठक हुई, जिसमें मंदिर के सेवायत गोस्वामियों ने आम श्रद्धालुओं के लिए ऑन लाइन रजिस्टे्रशन के जरिए दर्शन की व्यवस्था पर सहमति बनी है। इसके अलावा श्री़क़ृष्ण जन्माष्टमी पर वर्ष में एक बार होेने वाली मंगला आरती के लाइव दर्शन पर भी सहमती जताई गई।
देश-विदेश से लाखों की संख्या में ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन के लिए आ रहे श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और श्री़कृष्ण जन्माष्टमी पर श्रद्धालुओं को सहज और सुरक्षित दर्शन कराने के उद्देश्य मंदिर में संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इसमें एसडीएम सदर अजय जैन, पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रवीण मलिक ने सेवायत गोस्वामियों के समक्ष तीन विषय रखे। इनमें आम श्रद्धालुओं के लिए ऑन लाइन रजिस्टे्रेशन से दर्शन की व्यवस्था,वृंदावन के स्थानीय भक्तों को आई कार्ड दिखाकर बगैर ऑन लाइन रजिस्ट्रेशन के दर्शन एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मंगला आरती के लाइव दर्शन की व्यवस्था। मंदिर के सेवायत गोस्वामियों ने एक स्वर में तीनों बिंदुओं सहमति जताई है।
बांकेबिहारी मंदिर के सेवायत दिनेश गोस्वामी ने बैठक में स्थानीय भक्तों को मंदिर में बिना रजिस्टे्रेशन दर्शन व्यवस्था पर जोर दिया। इस पर बैठक में सहमति बनी कि वृंदावन के भक्तों को पहचान पत्र दिखाकर दर्शनों के लिए मंदिर में प्रवेश मिलेगा। उन्हें किसी तरह के ऑन लाइन रजिस्टे्रशन की जरुरत होगी। उनका पहचान पत्र वृंदावन के निवासी के रूप में होना आवश्यक है।
आभास गोस्वामी, सोमनाथ गोस्वामी एवं श्रीवर्धन गोस्वामी ने कहा कि ऑन लाइन रजिस्ट्रेशन से दर्शन की व्यवस्था में सेवायत गोस्वामियों के यजमानों को दर्शन कराने में कठिनाई आएगी। इस पर प्रशासनिक अधिकारी और सेवायत गोस्वामीयोंं के बीच सहमति बनी कि प्रति गोस्वामी अपने 20 यजमानों को एक दिन में दर्शन करा सकेगा। जिस गोस्वामी की निज मंदिर में सेवा होगी वह सेवाधिकारी प्रतिदिन 200 यजमानों को दर्शन करा सकेगा। लेकिन इसके लिए सेवायत एवं सेवाधिकारी को भी ऑन लाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा। श्रद्धालुओं के पहचानपत्र प्रस्तुत करने होंगे। इसके के बाद यजमानों को प्रवेश कार्ड के साथ मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा।
दिनेश गोस्वामी, ज्ञानेंद्र किशोर गोस्वामी ने बताया कि श्री़कृष्ण जन्माष्टमी पर मंगला आरती के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आरती के दर्शन लाइव कराने की व्यवस्था पर सहमति बनी है। आठ मिनट की मंगला आरती के दर्शन मंदिर के बाहर जगह-जगह एलईडी लगाकर लाइव दर्शन आम श्रद्धालुओं को कराने एवं मंदिर के अन्दर आरती के समय सेवायत गोस्वामी और उनके परिवार के सदस्यों का प्रवेश दिया जाएगा।
बैठक के संबंध में सीओ सदर प्रणीव मलिक ने बताया कि गोस्वामियों से दर्शन के लिए ऑन लाइन रजिस्ट्रेशन, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भीड़ प्रबंधन एवं मंदिर का पीछे की ओर से विस्तारीकरण पर सुझाव लिए हैं। इन सुझावों को कोर्ट के समक्ष रखा जाएगा। इसके बाद कोर्ट के आदेश के अनुसार बांकेबिहारी मंदिर की व्यवस्था बनाई जाएगी।
बैठक में अनिल गोस्वामी, निकुंज वर्धन गोस्वामी, आनन्द बिहारी गोस्वामी, मयंक गोस्वामी, तरुण गोस्वामी, मन्नू गोस्वामी, सोमनाथ गोस्वामी, श्रीवर्धन गोस्वामी, अंशुल गोस्वामी आदि मौजूद रहे।



