अबीर, गुलाल और रसियाओं के बीच ठा. द्वारकाधीश मंदिर में शुरू हुई होली

  • Sunday February 06 2022 - 09:36 AM
  •  

मथुरा। पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के मंदिर ठाकुर द्वारकाधीश में 40 दिवसीय होली पर्व का शुभारंभ हुआ। गोस्वामियों एवं सेवकों द्वारा अपने आराध्य ठा. द्वारकाधीश को अबीर व गुलाल सेवित किया गया। सायंकाल को होली के रसियाआें का गायन ठाकुरजी के समक्ष किया गया। जिसे सुन भक्तजन भावविभोर हो कर नृत्य करने लगे। 

द्वारकाधीश मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के मंदिरों में बसंत पंचमी के दिन से ठाकुरजी को अबीर गुलाल धराया जाता है यानि अर्पित किया जाता है और सायंकाल होली के रसिया का गायन भी ठाकुर जी के समक्ष ही होता है। 

उन्होंने बताया कि पुष्टिमार्ग संप्रदाय में होली का पर्व 40 दिन का होता है क्योंकि सब जग होरी या ब्रज होरा अर्थात ब्रज मंडल में 40 दिन की होली होती है जिसे होरा कहते हैं और बसंत पंचमी के दिन से मान्यताओं के अनुसार एक अजीब सा उल्लास प्रत्येक ब्रजवासी एवं भक्तों के मन में आता है।  जिसे कहते हैं आयो बसंत सभी मन फुले खेतन फूली सरसों।

इसी प्रकार यह भी मान्यता है कि आया बसंत गुडरे  कसन्त अर्थात सभी गर्म वस्त्र रख दिए जाते हैं और पुष्टिमार्गीय संप्रदाय में भी ठाकुरजी को गरम वस्तुओं का भोग आना बंद हो जाता है। अभी यह क्रम प्रतिदिन प्रात: काल 10 से 11 बजे तक राजभोग के दर्शन में चलेगा।