रात के अंधेरे में राजकीय बाल गृह से भागी किशोरियां, पैदल मथुरा जंक्शन पहुंचीं

  • Saturday January 31 2026 - 10:19 AM
  •  

  • ढाई घंटे पैदल चलकर दो किशोरियों ने परिजनों को किया फोन कॉल

वृंदावन। चैतन्य विहार स्थित राजकीय बाल गृह (बालिका) से भागी पांच किशोरियों में से दो किशोरियां भागने का कदम उठाने के बाद बदहवास हो गईं। घबराहट के चलते दोनों किशोरियां किसी अनजान वाहन में बैठने का साहस नहीं जुटा सकीं और पैसे न होने के कारण रात के अंधेरे में पैदल ही मथुरा जंक्शन की ओर चल पड़ीं। दोनों किशोरियां करीब ढाई घंटे पैदल चलने के बाद मथुरा रेलवे जंक्शन पहुंचीं, जहां से उन्होंने परिजनों को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी।

किशोरियों की बात सुनते ही परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों ने दोबारा उनसे संपर्क कर उन्हें समझाया और किसी अन्य स्थान पर न जाकर सीधे घर आने की बात कही। साथ ही परिजनों ने पुलिस को भी पूरे मामले की सूचना दी। चैतन्य विहार स्थित महिला आश्रय सदन की इमारत में संचालित राजकीय बाल गृह (बालिका) से भागी पांच किशोरियों में से नौहझील थाना क्षेत्र की 16 वर्षीय किशोरी, महावन थाना क्षेत्र की 14 वर्षीय किशोरी के साथ रात में पैसे न होने और अनजान वाहन के डर से पैदल ही मथुरा की ओर चल पड़ी। दोनों किशोरियां लगभग ढाई घंटे पैदल चलने के बाद मथुरा जंक्शन पहुंचीं। यहां उन्होंने एक यात्री को रोककर उसके मोबाइल फोन से नौहझील स्थित अपने घर पर भाई को फोन कॉल किया।

किशोरी ने रोते हुए परिजनों को बताया कि वह राजकीय बाल गृह (बालिका) से भागकर मथुरा रेलवे जंक्शन पर पहुंच गई है और उसे बहुत डर लग रहा है। इतना सुनते ही परिजन भी हैरान रह गए। परिजनों ने उसे इधर-उधर न जाने और किसी वाहन से सीधे घर आने को कहा। किशोरी ने बताया कि उसके पास किराये के लिए पैसे नहीं हैं। इस पर परिजनों ने भरोसा दिलाया कि घर पहुंचने पर गाड़ी वाले को पैसे दे दिए जाएंगे और उसे कहीं न जाने की सलाह दी। इसके बाद किशोरी पैदल ही मथुरा रेलवे जंक्शन से नए बस स्टैंड पहुंची, जहां से परिजनों के समझाने के बाद वह अपने घर पहुंच गई। इसी तरह महावन थाना क्षेत्र की किशोरी भी सुरक्षित अपने घर पहुंच गई। 

किशोरी के परिजनों ने बताया कि जैसे ही उन्हें किशोरी के राजकीय बाल गृह (बालिका) से भागने की जानकारी मिली, उन्होंने वृंदावन पुलिस को फोन कर सूचना देने का प्रयास किया, लेकिन फोन नहीं उठने पर उन्होंने नौहझील थाने को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और बालिकाओं की तलाश में जुट गई।

मंगलवार को परिजनों को सौंपी जानी थीं दो बालिकाएं

चैतन्य विहार स्थित राजकीय बाल गृह (बालिका) में वर्तमान में 98 बालिकाएं एवं किशोरियां विभिन्न थाना क्षेत्रों की रह रही हैं। इनमें से मथुरा के महावन एवं नौहझील थाना क्षेत्र तथा दिल्ली की किशोरी को मथुरा की बाल कल्याण समिति के आदेश पर यहां रखा गया था। महावन एवं नौहझील थाना क्षेत्र की दोनों बालिकाओं को मंगलवार को उनके परिजनों के सुपुर्द किया जाना था।

जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्र ने बताया कि आगरा और अलीगढ़ की बालिकाओं को भी वहां की बाल कल्याण समिति के आदेश पर यहां रखा गया था। उन्होंने बताया कि दिल्ली की किशोरी निराश्रित होने के कारण राजकीय बाल गृह (बालिका) में लाई गई थी। शेष तीन बालिकाएं अपने-अपने घरों से भागी हुई थीं, जिन्हें न्यायालय में सुनवाई होने तक पुलिस द्वारा यहां सुरक्षित रखा गया था। डीपीओ ने बताया कि मथुरा के महावन और नौहझील थाना क्षेत्र की दोनों किशोरियों को मंगलवार को ही उनके परिजनों को सौंपा जाना था, लेकिन इससे पहले ही वह राजकीय बाल गृह (बालिका) से भाग गईं।

दिल्ली की 16 वर्षीय किशोरी ने बनाया भागने का प्लान

राजकीय बाल गृह (बालिका) से भागी पांचों किशोरियां दो कमरों में रह रही थीं। एक दिन पहले ही दिल्ली की 16 वर्षीय किशोरी ने बाल गृह की छत पर चढ़ने के लिए सीढ़ियों की चाबी अपने कब्जे में कर ली थी।

सूत्रों के अनुसार, उसी किशोरी ने चार अन्य किशोरियों को अपने साथ राजकीय बाल गृह (बालिका) से भगाने का पूरा प्लान तैयार किया। उसने अन्य किशोरियों को बताया कि यहां से अपने घर जाना मुश्किल होगा और उन्हें लंबे समय तक यहां रखा जाएगा। इन बातों में आकर चारों किशोरियां भी उसके साथ भागने के लिए तैयार हो गईं और सभी छत के रास्ते बाल गृह से निकल गईं। नौहझील थाना क्षेत्र की किशोरी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह दिल्ली की किशोरी की बातों में आकर भागी थी। भागने का पूरा प्लान भी उसी ने एक दिन पहले तैयार किया था।

दो किशोरियों को परिजनों के संरक्षण में भेजा

राजकीय बाल गृह (बालिका) से भागी किशोरियों में से तीन किशोरियां पुलिस को सकुशल मिल गई हैं। इनमें से मथुरा के महावन एवं नौहझील थाना क्षेत्र की दो किशोरियों को उनके परिजनों के संरक्षण में भेज दिया गया है, जबकि अलीगढ़ की किशोरी को उसके परिजनों के संरक्षण में देने के लिए संपर्क किया गया, लेकिन उसके परिजनों ने उसे लेने से इनकार कर दिया।

डीपीओ विकास चंद्र ने बताया कि सकुशल बरामद हुई मथुरा के महावन एवं नौहझील थाना क्षेत्र की किशोरियों को उनके परिजनों के पास भेज दिया गया है। आवश्यकता पड़ने पर विधिक प्रक्रिया के दौरान उन्हें पुनः बुलाया जाएगा। वहीं अलीगढ़ की किशोरी के परिजनों से संपर्क करने पर उन्होंने उसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया। परिजनों ने बताया कि किशोरी पहले भी दो बार घर से भाग चुकी है, इसलिए वे उसे अपने साथ रखने के लिए तैयार नहीं हैं। फिलहाल पुलिस परिजनों से लगातार संपर्क कर रही है और किशोरी को सुरक्षित रूप से राजकीय बाल गृह (बालिका) में रखा गया है।