भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
भारत में रिसर्च व इनोवेशन को मिलेगी नई उड़ान, पीएम मोदी ने लॉन्च किया 1 लाख करोड़ का आरडीआई फंड
नई दिल्ली। भारत में विज्ञान और तकनीकी नवाचार को नई दिशा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भारत मंडपम में आयोजित इमर्जिंग साइंस एंड टेक्नोलॉजी इनोवेशन कॉन्क्लेव (ईएसटीआईसी) 2025 का उद्घाटन किया। इसी मंच से प्रधानमंत्री ने देश के वैज्ञानिक जगत को बड़ा उपहार देते हुए 1 लाख करोड़ रुपए के रिसर्च, डेवलपमेंट और इनोवेशन (आरडीआई) फंड की शुरुआत की। यह फंड भारत को “वैज्ञानिक महाशक्ति” बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज विज्ञान और तकनीक की दुनिया में बदलाव की रफ्तार अब लीनियर यानी सीधी रेखा में नहीं, बल्कि एक्सपोनेंशियल यानी तेज़ गति से बढ़ रही है। ऐसे में भारत को भी वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए विज्ञान और इनोवेशन के क्षेत्र में बड़े निवेश की जरूरत है। इसी सोच के साथ सरकार ने इस आरडीआई फंड को लॉन्च किया है, जिसका उद्देश्य सरकारी संस्थानों के साथ-साथ निजी सेक्टर में भी नवाचार और अनुसंधान को बढ़ावा देना है।
प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम की शुरुआत में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत का जिक्र किया और कहा कि यह उपलब्धि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने टीम की सराहना करते हुए कहा कि भारत की बेटियां हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने इसरो की हालिया सफलता पर भी गर्व जताया। मोदी ने बताया कि इसरो ने भारतीय नौसेना के जीसैट-7आर (सीएमएस-03) सैटेलाइट को सफलतापूर्वक लॉन्च किया है, जो भारत की अंतरिक्ष क्षमताओं को और मजबूत करेगा।
आरडीआई फंड के बारे में बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य “रिसर्च करने में आसानी” को बढ़ावा देना है। इसके लिए फाइनैंशल नियमों और खरीद नीतियों में भी बदलाव किए गए हैं, ताकि वैज्ञानिकों और रिसर्च संस्थानों को तकनीक के विकास में किसी प्रकार की बाधा का सामना न करना पड़े। यह फंड स्टार्टअप्स, युवा वैज्ञानिकों और तकनीकी उद्यमों को भी प्रोत्साहन देगा।
ईएसटीआईसी 2025 कॉन्क्लेव 3 से 5 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। इसमें देश-विदेश के वैज्ञानिक, उद्योगपति, शिक्षा जगत के प्रतिनिधि, नीति निर्माता और नोबेल पुरस्कार विजेता शामिल हो रहे हैं। कार्यक्रम में विज्ञान और तकनीक के 11 प्रमुख क्षेत्रों पर चर्चा होगी। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम टेक्नोलॉजी, स्पेस टेक्नोलॉजी, एडवांस मटेरियल्स, सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग, बायो-मैन्युफैक्चरिंग, ऊर्जा, स्वास्थ्य तकनीक, पर्यावरण और जलवायु, ब्लू इकोनॉमी और डिजिटल कम्युनिकेशन जैसे विषय शामिल हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह फंड न केवल वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देगा, बल्कि भारत को वैश्विक स्तर पर नवाचार की नई राजधानी के रूप में स्थापित करेगा। आने वाले वर्षों में इससे युवाओं को रोजगार, स्टार्टअप के नए अवसर और तकनीकी आत्मनिर्भरता को गति मिलेगी।
अंत में पीएम मोदी ने कहा, “आज का कदम सिर्फ विज्ञान में निवेश नहीं, बल्कि देश के भविष्य में निवेश है। भारत का लक्ष्य है-इनोवेशन से विकास और विकास से विश्व में नेतृत्व।”



