अक्षय तृतीया पर श्रीबांकेबिहारी ने दिए दुर्लभ चरण दर्शन, उमड़ा आस्था का सैलाब
वृंदावन। अक्षय तृतीया पर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। वर्ष में एक बार होने वाले दुर्लभ चरण एवं सर्वांग दर्शन के लिए सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भीषण गर्मी और तपती धूप के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह और आस्था अडिग रही।
मंदिर के पट सामान्य दिनों से पहले खोले गए, जहां सेवायत गोस्वामियों ने ठाकुरजी को पीत वस्त्र धारण कराकर दिव्य श्रृंगार किया। रायबेल, कुंद, मोगरा और गुलाब की सुगंधित मालाओं के साथ स्वर्णाभूषण, सोने की बांसुरी और पाजेब से अलंकृत किया गया। चरणों में केसरयुक्त मलयागिरि चंदन के लड्डू अर्पित किए गए तथा सत्तू, बेसन के लड्डू और शीतल पेय पदार्थों का भोग लगाया गया। शाम के समय आराध्य को गर्भगृह से बाहर जगमोहन में विराजमान कर मलयागिरि चंदन से सर्वांग लेपन किया गया, जिससे भक्तों को शीतलता का अनुभव हुआ। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे आकर्षक पुष्पों से सजाया गया, जिसने वातावरण को और अधिक दिव्य बना दिया।
श्रद्धालुओं ने बिना धक्का-मुक्की के रेलिंग के बीच से शांतिपूर्वक दर्शन किए और “जय हो बांके बिहारी” के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। भक्तों ने अपने आराध्य को चांदी की पायल और चरण चौकी अर्पित कर भक्ति भाव व्यक्त किया। वहीं प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष व्यवस्था की। मंदिर मार्ग पर जगह-जगह बैरिकेडिंग और होल्डिंग एरिया बनाए गए, जहां पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को रोक-रोक कर नियंत्रित ढंग से आगे बढ़ा रहे थे। इससे दर्शन व्यवस्था सुचारू और सुरक्षित बनी रही।
इधर वृंदावन के प्रमुख सप्त देवालयों जैसे राधा दामोदर मंदिर, राधारमण मंदिर और राधा गोपीनाथ मंदिर में भी आराध्य के चंदन युक्त सर्वांग दर्शन कर भक्तों ने पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे दिन चली इस विशेष सेवा और दर्शन व्यवस्था के चलते वृंदावन भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा और हर ओर श्रद्धा, उल्लास और भक्ति की गूंज सुनाई देती रही।



