अयोध्या के पांच प्रमुख मन्दिरों के पट खुलने और बंद होने का समय जानिए

  • Saturday May 27 2023 - 11:03 AM
  •  

अयोध्या के कण-कण में भगवान श्रीराम का वास है। ऐसी मन्दिरों की नगरी अयोध्या में लगभग 8000 मठ व मन्दिर हैं। इन मठ मन्दिर की अपनी अलग विशेषता है। तो आइए जानते हैं अयोध्या के पांच सुप्रसिद्ध मंदिरों के पट खुलने और बंद होने का समय साथ ही यह जानते हैं कि कब होती हैं आरती।

 

अयोध्या में भगवान श्री राम के अस्थाई मन्दिर में भगवान राम का श्रीविग्रह विराजमान है। इस मन्दिर के पट सुबह 7 बजे श्रद्धालुओं के लिए खुलते हैं और 11 बजे बंद हो जाते हैं। वहीं, दिन में दोपहर 12 बजे भगवान राम की श्रृंगार आरती होती है। फिर मन्दिर दोपहर 2 बजे खुलकर शाम 7 बजे बंद होता हैं। शाम 7.30 बजे रामलला की संध्या आरती होती है। इसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होते हैं। 

अयोध्या का प्राचीन सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी मन्दिर के पट सुबह 5 बजे श्रद्धालुओं के लिए खुल जाते हैं। इस दौरान सुबह 6 बजे आरती होती है। इसके बाद दोपहर 1 बजे पट बंद हो जाते हैं। दोपहर 1.30 बजे आरती होती है। इसके बाद दोपहर 2 बजे श्रद्धालुओं के लिए पट खुलते हैं। जो कि रात 11 बजे तक श्रद्धालु पवन पुत्र हनुमानजी के दर्शन करते हैं। 

सुप्रसिद्ध कनक भवन वह महल है जिसको रानी केकैई ने माता सीता को मुंह दिखाई में दिया था। यहां भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण विराजमान हैं। सुबह 8 बजे श्रद्धालुओं के लिए कनक भवन के पट खुल जाते हैं और 11 बजे बंद हो जाते हैं। इसके बाद शाम 4 बजे पट खुलते हैं, जो कि रात 10 बजे बंद हो जाते हैं।

अयोध्या में हनुमानगढ़ी से जब आप राम जन्म भूमि की ओर जाएंगे, तो बीच में आपको एक महल दिखाई देगा। इसे चक्रवर्ती राजा दशरथ का महल के नाम से जाना जाता है। इस महल के पट श्रद्धालुओं के लिए सुबह 7 बजे खुल जाते हैं और 11.30 पर बंद हो जाते हैं। इसके बाद फिर दोहपर 3 बजे पट खुलते हैं और रात्रि 11 बंद होते हैं। इस दौरान भगवान की आरती होती है।

 

अयोध्या की राम की पैड़ी पर भगवान श्रीराम के पुत्र कुश द्वारा स्थापित नागेश्वर नाथ मन्दिर है। जहां भगवान शंकर विराजमान हैं। श्रद्धालुओं के लिए यह मन्दिर सुबह 4 बजे खुलता है और रात्रि 9 बजे बंद हो जाता है।