फिल्म अभिनेत्री भाग्यश्री
भाग्यश्री को याद आया वह कॉलेज टाइम, बोलीं- 'हिमालय से दोस्ती कब प्यार में बदल गई, पता ही नहीं चला'
फिल्म अभिनेत्री भाग्यश्री ने सूरज बड़जात्या की सुपरहिट फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ में सलमान खान के साथ अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी और अपनी डेब्यू फिल्म से ही वह रातोंरात स्टार बन गई थीं। हालांकि, इस फिल्म के सुपरहिट होने के महज एक साल बाद ही अभिनेत्री ने फिल्मी करियर को छोड़ने की घोषणा कर दी थी और साल 1990 में अपने प्यार हिमालय दसानी के साथ शादी कर ली थी। हाल ही में भाग्यश्री ने अपनी लव स्टोरी की उन यादों को फिर से ताजा किया और याद किए अपने कॉलेज टाइम के वह खास लम्हे।
दरअसल, भाग्यश्री और उनके पति हिमालय दसानी स्टार प्लस के शो ‘स्मार्ट जोड़ी’ में नजर आ रहे हैं। इस शो के अपकमिंग एपिसोड के एक प्रोमो में वह अपनी शादीशुदा जिंदगी के बारे में बात करती नजर आ रही हैं। इस दौरान भाग्यश्री ने अपने टीनएज की यादों को साझा किया और बताया कि दोनों को कब और कैसे एक-दूसरे से प्यार हुआ था।
"इसीलिए मैंने उनसे कह दिया कि मैं तुमसे प्यार करती हूं."
अभिनेत्री भाग्यश्री और हिमालय दसानी ने अपने स्कूल, क्लासेज और कैफेटेरिया का फिर से दौरा किया और अपनी लव लाइफ की कुछ सबसे प्यारी यादों को ताजा किया। इस दौरान भाग्यश्री ने कहा, "स्कूल की सारी यादें ताजा हो गईं। पढ़ाई करते वक्त पहले हम दोस्त बने और दोस्ती कब प्यार में बदल गई, पता ही नहीं चला।" भाग्यश्री ने आगे कहा, "स्कूल छोड़ने के बाद अगर हम अलग-अलग कॉलेज में गए, तो एक-दूसरे को मिस करेंगे और जिंदगी भर के लिए अलग हो जाएंगे और इसीलिए मैंने उनसे कह दिया कि मैं तुमसे प्यार करती हूं."
"मेरी शादी में मेरे परिवार से कोई नहीं था"
इससे पहले के एपिसोड में भाग्यश्री अपनी शादीशुदा जिंदगी के बारे में बात करते हुए काफी भावुक हो गई थीं, क्योंकि उस समय उन्होंने बताया था कि उनकी शादी में उनकी फैमिली से कोई नहीं आया था। इस वीडियो में भाग्यश्री ने कहा था कि, "मेरी शादी में मेरे परिवार से कोई नहीं था, सिवाय हिमालय के। जब मैंने अपने माता-पिता से कहा कि मैं हिमालय से शादी करना चाहती हूं, तो वो नहीं माने।"
"बच्चों के अपने सपने भी होते हैं"
भाग्यश्री ने यह भी कहा था, "बच्चों के लिए मां-बाप के सपने होते हैं, लेकिन बच्चों के भी अपने सपने होते हैं और कभी-कभी उन्हें उनके सपने जीने देना चाहिए। क्योंकि आखिर में उनकी जिंदगी है, जो उन्हें जीनी है।" भाग्यश्री ने आगे कहा था कि, "जो लोग और मीडिया कहते हैं कि मैंने भागकर शादी की है, इस पर मुझे बहुत गुस्सा आता है, क्योंकि मैंने भागकर शादी नहीं की थी।"
भाग्यश्री के बच्चे भी इंडस्ट्री में बना चुके हैं अपनी जगह
भाग्यश्री को हाल ही में प्रभास अभिनीत फिल्म ‘राधे श्याम’ में देखा गया था, जहां उन्होंने उनकी मां की भूमिका निभाई थी। इसी के साथ भाग्यश्री के बच्चों ने भी अब फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बना ली है। उनके बेटे अभिमन्यु दसानी ने ‘मर्द को दर्द नहीं होता’ और ‘मीनाक्षी सुंदरेश्वर’ जैसी फिल्मों में काम किया है। वहीं, उनकी बेटी अवंतिका दसानी ने हाल ही में जी5 सीरीज ‘मिथ्या’ से डेब्यू किया है।



