दस महाविद्याओं में 8वीं देवी बगलामुखी

  • Friday October 14 2022 - 10:45 PM
  •  

वैशाख शुक्ल अष्टमी मां बगलामुखी जयंती के रुप में मनाई जाती है। दस महाविद्याओं में 8वीं मां बगलामुखी हैं। इन्हें पीताम्बरा या ब्रह्मास्त्र के नाम से भी शास्त्रों में वर्णित किया गया है। ये स्तंभन की देवी हैं। इनकी साधना से शत्रु भयनाश, शत्रु पराभव होकर साधक का उद्भव होकर जीवन निष्कंटक होता है। वाद-विवाद में विजय और वाकसिद्धि के लिए इनकी पूजा की जाती है।

मॉ बगलामुखी का स्वरुप

मां स्वर्णकांति युक्त नवयौवना हैं, पीली साड़ी धारण करती हैं, मुख प्रसन्न तथा तन पर तेज है। संपूर्ण अंग स्वर्णालंकृत हैं तथा स्वर्ण मुकुट धारण किये हैं। मॉ के 3 नेत्र तथा चार हाथ हैं। अधरों पर मुस्कान तथा मनमाहिनी छवि है। स्वर्ण सिंहासनारुढ़ माता के दाएं हाथ में गदा तथा बाएं हाथ से राक्षस की जीभ खींचे हुए हैं, जो स्तंभन का प्रतीक है।

कैसे करें मॉ की पूजा

बगलामुखी शक्तिशाली साधना है। मॉ की पूजा के लिए शुद्ध आसन और शांत स्थान आवश्यक है। रात्रि अथवा सायंकाल ही इनकी पूजा की जाती है। मॉ की पूजा अत्यंत सावधानी, संयमित होकर श्रद्धाभाव से करें। पूजन अकेले अथवा गुरु के साथ करें। पीले चावल, पीले फूल, पीले वस्त्र और पीला ही भोग अर्पण करें। जप हेतु हल्दी की माला का प्रयोग निर्दिष्ट है। साधक पीले वस्त्र ही धारण करे। सामान्य कार्यसिद्धि हेतु 10 हजार मंत्रों का जप तथा विशिष्ट असाध्य कार्यसिद्धि हेतु 1 लाख जप का विधान है। जप से पूर्व कवच का पाठ करें। यदि जयंती पर व्रत हो तो दिनभर निराहार रहकर रात्रि को फलाहार ही करें।

देवी बगलामुखी का प्राकट्य

स्वतंत्र तंत्रानुसार सतयुग में संपूर्ण जगत का विध्वंस करने वाला तूफान आया। प्राणीमात्र के जीवन पर संकट आया देख भगवान श्रीहरि ने सौराष्ट्र में हरिद्रा सरोवर के समीप भगवती को प्रसन्न करने हेतु तप किया। मॉ ने उस सरोवर से प्रकट होकर उन्हें दर्शन दिया तथा उस विनाशकारी तूफान का स्तंभन कर उनका मनोरथ पूर्ण किया। मॉ श्रीहरि के तेज से युक्त होने के कारण वैष्णवी हैं। मंगलयुक्त चतुर्दशी में इनका प्रादुर्भाव हुआ।