जम्मू-कश्मीर में बड़ा आतंकी खुलासा
जम्मू-कश्मीर में बड़ा आतंकी खुलासा: दो डॉक्टर समेत सात गिरफ्तार, 2,900 किलो विस्फोटक बरामद
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क का बड़ा पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े दो डॉक्टरों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। यह समूह प्रतिबंधित आतंकी संगठनों जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़ा हुआ था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2,900 किलोग्राम विस्फोटक, हथियार और गोला-बारूद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, जांच की शुरुआत 19 अक्तूबर 2025 को हुई, जब श्रीनगर के बुनपोरा, नौगाम इलाके में जैश-ए-मोहम्मद के कई पोस्टर लगाए गए थे, जिनमें सुरक्षाबलों और पुलिस को धमकाया गया था। इस घटना के बाद एफआईआर संख्या 162/2025 दर्ज की गई और विशेष जांच दल गठित किया गया।
जांच में सामने आया कि यह नेटवर्क शिक्षित और पेशेवर युवाओं, विशेष रूप से डॉक्टरों और तकनीकी छात्रों, के माध्यम से संचालित किया जा रहा था। आरोपी एन्क्रिप्टेड चैनलों के जरिए संवाद करते थे और भर्ती, धन-संग्रह, लॉजिस्टिक्स और हथियारों की आपूर्ति का काम संभालते थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ये लोग सामाजिक और धर्मार्थ संस्थाओं के नाम पर धन जुटाकर आतंकी गतिविधियों में लगा रहे थे। इनका उद्देश्य युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलना और हथियार व आईईडी निर्माण के लिए सामग्री जुटाना था। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कहा कि इस कार्रवाई से आतंक के खिलाफ लड़ाई में बड़ी सफलता मिली है और इस नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय तारों की जांच जारी है।



