श्री बांके बिहारी मंदिर में अब VIP दर्शन पर्ची बंद, दर्शन के समय में बड़ा बदलाव

  • Saturday September 13 2025 - 01:01 PM
  •  

  • श्री बांके बिहारी मंदिर की हाई पॉवर मैनेजमेंट कमेटी की बैठक में हुए कई अहम फैसले 
  • प्रतिदिन तीन घंटे अधिक दर्शन देंगे ठाकुर बांकेबिहारी 

मथुरा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वृंदावन स्थित ठाकुर बांके बिहारी मंदिर की व्यवस्थाओं में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा मंदिर की व्यवस्थाओं के लिए लिए गठित हाई पॉवर मैनेजमेंट कमेटी ने गुरूवार को वीआईपी दर्शन व्यवस्था पर रोक लगाने का आदेश पारित किया है। वीआईपी दर्शन के लिए वर्षों से लगा कटहरा भी हटेगा। इसके साथ ही मंदिर के दर्शन की समय सीमा भी बढ़ाकर तीन घंटे अधिक कर दी गई है। अब श्रद्धालु मंदिर के बाहर से भी लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए ठाकुरजी के दर्शन कर सकेंगे। 

देर शाम कलेक्ट्रट सभागार में हुई कमेटी की बैठक में कॉरिडोर निर्माण के लिए 4.74 एकड़ भूमि अधिग्रहण के लिए समिति गठित के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। दुनियाभर से आने वाले श्रद्धालुओं को सजह और सुरक्षित दर्शन कराने के लिए लिए कमेटी द्वारा लिए गए ये सभी फैसले तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। 

ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर की हाई पॉवर मैनेजमेंट कमेटी की चौथी बैठक गुरुवार को सम्पन्न हुई। बैठक में मंदिर प्रशासन, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, नगर निगम, पुरातत्व विभाग तथा गोस्वामी समाज के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता उच्च न्यायालय इलाहाबाद के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अशोक कुमार ने की। 

बैठक में उठे प्रमुख मुद्दे

श्रद्धालुओं की सुविधा और मंदिर प्रबंधन को पारदर्शी बनाने के लिए कई अहम बिंदुओं पर चर्चा हुई।

VIP पर्ची बंद: समिति ने निर्णय लिया कि अब मंदिर में VIP पर्ची से प्रवेश की व्यवस्था पूरी तरह समाप्त की जाएगी।

VIP गैलरी हटाने पर विचार: दर्शन व्यवस्था में सुधार के लिए VIP गैलरी को हटाने का प्रस्ताव रखा गया।

सुरक्षा व्यवस्था: मंदिर परिसर में तैनात पुलिस बल और निजी गार्डों को अपने-अपने स्थान पर ही ड्यूटी देने का निर्देश दिया गया। यदि कोई कर्मचारी लापरवाही करता पाया जाएगा तो उस पर कार्यवाही होगी। 

निजी सुरक्षा में बदलाव: वर्तमान प्राइवेट सिक्योरिटी को हटाकर रिटायर्ड सैनिकों वाली सुरक्षा एजेंसी को लगाया जाएगा।

मंदिर भवन का ऑडिट: मंदिर भवन एवं परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आईआईटी रुड़की से आंतरिक संरचना का सर्वे और ऑडिट कराने का निर्णय लिया गया।

लाइव स्ट्रीमिंग: भक्तों की सुविधा के लिए मंदिर दर्शन की लगातार लाइव स्ट्रीमिंग शुरू की जाएगी।

दर्शन समय में बड़ा बदलाव

समिति ने मंदिर के दर्शन और आरती समय में भी संशोधन किया है।

गर्मी में दर्शन का समय

सुबह 7:15 से 12:30 बजे तक दर्शन, सुबह 7 बजे आरती।

शाम 4:15 से 9:30 बजे तक दर्शन, रात 9:30 बजे आरती।

सर्दियों में दर्शन का समय

सुबह 8:15 से 1:30 बजे तक दर्शन, सुबह 8 बजे आरती।

शाम 4 से 9 बजे तक दर्शन, रात 9 बजे आरती।

संपत्ति और ऑडिट की तैयारी

बैठक में यह भी तय हुआ कि मंदिर की चल-अचल संपत्ति का पूरा विवरण 15 दिनों के भीतर समिति के सामने रखा जाए। इसके साथ ही वर्ष 2013 से 2016 तक के समय का विशेष ऑडिट कराया जाएगा ताकि पारदर्शिता बनी रहे। साथ ही गर्भगृह से सटे बंद कमरे को खोलने का निर्णय लिया गया। इस कार्य के लिए एक विशेष समिति गठित की गई है, जिसमें ऑडिटर, सिविल जज, एसीएम वृंदावन, क्षेत्राधिकारी वृंदावन तथा गोस्वामी समाज के एक सदस्य को शामिल किया गया है। समिति की मौजूदगी में कमरा खोला जाएगा और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कर इन्वेंटरी तैयार की जाएगी।

श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान

समिति ने भीड़ नियंत्रण के लिए लाइन (क्यू सिस्टम) लागू करने, प्रबंधन स्टाफ की भूमिकाओं का स्पष्ट विवरण तैयार करने और मंदिर परिसर की खाली भूमि पर अधूरे निर्माण की जांच कराने पर भी सहमति जताई। इसके अलावा 4.74 एकड़ भूमि खरीद पर भी विमर्श हुआ। श्रद्धालुओं से दान के माध्यम से मंदिर सुविधाओं के विकास के लिए सहयोग लेने का भी प्रस्ताव रखा गया।

बैठक में ये रहे मौजूद

समिति में शामिल अन्य सदस्यों में सेवानिवृत्त जिला जज मुकेश मिश्रा, वर्तमान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विकास कुमार, सिविल जज शिप्रा दुबे, डीएम चंद्र प्रकाश सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार, नगर आयुक्त जग प्रवेश, एमवीडीए उपाध्यक्ष श्याम बहादुर सिंह, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की अधीक्षक डॉ. स्मिता एस. कुमार, तथा गोस्वामी समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।