मथुरा: नारकोटिक्स विभाग की बड़ी कार्रवाई, स्क्रैप के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 83 किलो गांजा जब्त

  • Friday May 08 2026 - 02:11 PM
  •  

फरह (मथुरा)। नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में नारकोटिक्स विभाग और फरह पुलिस की संयुक्त टीम को सोमवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने महुअन टोल प्लाजा के पास एक संदिग्ध ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है।

गोपनीय सूचना पर बिछाया जाल

जानकारी के अनुसार, नारकोटिक्स विभाग को ओडिशा से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ की खेप एनसीआर (NCR) क्षेत्र में लाए जाने की गोपनीय सूचना मिली थी। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नारकोटिक्स टीम और फरह पुलिस ने महुअन टोल प्लाजा पर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया।

स्क्रैप के नीचे छिपा था 'काला कारोबार

चेकिंग के दौरान जब एक संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई, तो पुलिस टीम हैरान रह गई। तस्करों ने गांजे के पैकेटों को कतरन भरे स्क्रैप के नीचे बेहद चालाकी से छिपा रखा था। पूरी तलाशी लेने पर ट्रक से 83 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

ओडिशा से दिल्ली-एनसीआर तक फैला नेटवर्क

नारकोटिक्स सीओ उमेश पवार ने बताया कि पकड़ा गया गांजा ओडिशा से तस्करी कर लाया जा रहा था और इसे दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में खपाया जाना था। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

मेवात के दो तस्कर गिरफ्तार

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अशोक (ट्रक ड्राइवर) और सतीश के रूप में हुई है, जो पुन्हाना (मेवात) के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस अब पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस पूरे अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य मुख्य सरगनाओं का पता लगाया जा सके।