प्राचीन धर्म परंपराः अदभुत है वृंदावन की नृसिंह लीला
वृंदावन। अरे भईया ! खम्भ कै बजे फटैगौ... लीला कौ टैम कहा है? अभिषेक कै बजे होयगो? अबकै सरूप कौन- कौन बन रहे हैं? मथुरा- बिन्दावन में वैसाख के महीना में उत्साह-जिज्ञासा ते भरी जे शब्दावली जब सुनाई देय, तौ समझ ल्यौ चतुर्दशी तिथि आय गई है। ब्रजवासीन की जे चतुर्दशी खास होवै है। वैसै तौ उत्सव भूमि ब्रज - वृंदावन कौ हर दिन खास होय पर जे खास यहां श्री नृसिंह जयन्ती के अवसर पै और खास है जावै है। नृसिंह जयंती के अवसर पर यह भाषा प्राचीन वृंदावन के मोहल्लों में आज भी जीवंत है। जयंती की तैयारियों को लेकर इस तरह की चर्चा ब्रजवासियों में आम है। तो आइये जानते है कि वृंदावन में नृसिंह लीला क्यों अदभुत और खास है -
नृसिंह लीला अनुकरण की लोक पटल पर व्याप्ति यहां इस उत्सव के सांस्कृतिक महत्त्व का परिदर्शन कराने के साथ ही इस लोकोत्सव के उस पारंपरिक उत्स का बोध भी कराती है जिसे इस पवित्र वन के वासियों ने पीढियों से संरक्षित रखा है। ब्रजवासियों की यह नृसिंह लीला मात्र लोक- रंजन का साधन नहीं अपितु यहां श्रद्धा के आधार तल पर उपासना - अनुष्ठान, सामुदायिक भाव और उत्साह का अनूठा सामंजस्य देखते ही बनता है।
वृंदावन शोध संस्थान के शोध अधिकारी डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि नृसिंहोत्सव की अपनी विशेषता है कि बिना किसी औपचारिक आमंत्रण और विज्ञापन के इस पारम्परिक आयोजन में बच्चे ,वृद्ध और युवा पूरे उत्साह से सहभागिता करते हैं। पूरे शहर की गलियाँ इसका रंग मंच होती हैं। मौहल्ले- मौहल्ले से नृसिंह, वराह, गणेश, हनुमान-मकरध्वज के स्वरूप निकलते हैं। आमने-सामने होने पर जोर आजमाइश हेतु मल्ल विद्या के पैंतरों का प्रदर्शन होता है। वास्तव में इस परंपरा के अन्तर्गत मल्ल विद्या से अभिप्रेत पैंतरों के प्रदर्शन में दंड-बैठक, चक्र दंड एवं युद्धक कला के पारंपरिक हुनर ने इसे सदैव जन आकर्षण के मध्य रखा है।
दम-खम के आधार पर पात्रों का चयन
मात्र नाट्य अभिनय नहीं दम- खम का नाम है, नृसिंह लीला अनुकरण में प्रतिभागी स्वरूप।शारिरिक क्षमता के साथ ही स्वरूप तैयार करने वाले उस्तादों द्वारा चेहरा धारण करने से पूर्व माथे तथा ठोढी पर बाँधे जाने वाली डाट को झेलना , साँस रोके रखने धीरे-धीरे लेने और छोड़ने का अभ्यास, चेहरा धारण करने के उपरान्त सामने पूरा दृश्य न दिखना जैसी परेशानियों के अलावा सबसे बड़ी दिक्कत तब होती है जब स्वरूप धारण करने वाला पात्र ढोटी वाली डाट लगे होने के कारण मूँह से कुछ भी बोल पाने में असमर्थ रहता है। प्रभु कृपा से इन कष्टो को पार कर लीलानुकरण के दौरान यह चुनौतियाँ क्रमिक रूप से बढती जातीं हैं। हिरण्यकश्यपु अपने स्वभाव के अनुसार भय ,कोलाहल तथा आसुरी प्रवत्तियों के अनुरूप बाजार में उत्पात करता है, लोगों को डराता है, नृसिंह स्वरूप को युद्ध के लिये ललकारता है। इस सब के साथ ही लीला का रोमांच सतत बढता जाता है।
ब्रज की नृसिंह लीलाओं से जुड़े संदर्भ आज भी वाचिक परम्परा में संरक्षित है। पुराने बनने वाले स्वरूपों के संस्मरण , अलग- अलग मौहल्लों के स्वरूपों के सामने पड़ने पर निरन्तर लगने वाली दण्ड- बैठकैं, वराह, हनुमान लीला के अदभुत मंचन , लीला में सहभागिता करने वाले स्वरूपों की पोशाक एवं आभूषणों का चयन हो या चेहरे की डाट बांधने के तरीके तथा इसी के साथ स्वरूप के खान-पान की प्रविधि सभी का विधान यहां लोक-इतिहास में संरक्षित है। जिसका अनुपालन करते हुए यहां प्रतिवर्ष इन लीलाओं के आयोजन होते रहे हैं। वृंदावन की कुंजगलियो में एक नही दो नहीं तीन दिनों तक नृसिंह जयंती के अवसर पर जै जै नृसिंह देव की... छिछिर की छम...छम...छम.. के बोल सुनाई देते हैं।
मथुरा -वृंदावन में इन पुराने स्थानों पर होती है नृसिंह लीला
मथुरा के सतघड़ा ,चौबच्चा मोहल्ला तथा द्वारिकाधीश मंदिर आदि स्थानो पर इस लीला की अदभुतता देखते ही बनती है। वृंदावन के अठखम्भा स्थित नृसिंह मंदिर केशीघाट , गोपीनाथ बाजार एंव छीपी गली तथा बजाजा आदि स्थलों पर इस लीला का अपना समृद्ध सांस्कृतिक इतिहास है। यहां नृसिंह प्राकट्य के इस पवित्र मनोरथ को पूर्व पीढी के साधकों ने जिस श्रद्धा और उत्साह से सिंचित किया, उसके संस्कार यहां आज भी नव पीढी को उत्साह से परिपूर्ण करने में समर्थ हैं, यही कारण है कि आज श्रद्धा और उत्साह के घरातल पर इस परम्परा का विस्तार नव लीलाओं के आयोजनों द्वारा खूब दिख रहा है।
ब्रजभूमि में विशिष्ट है श्रीनृसिंहोपासना
ब्रजभूमि में मथुरा वृन्दावन सहित विभिन्न स्थलों पर नृसिंह मंदिरों की विद्यमानता यहाँ के जन मन में भगवान श्रीनृसिंह के प्रति श्रद्धा भाव दर्शाती है। कई प्राचीन ग्रंथों में उक्त विषयक जानकारी दृष्टिगोचर होती है। वृंदावन शोध संस्थान के द्वारा प्राचीन पांडुलिपियो के आधार पर नृसिंह पाठावली शीर्षक से ग्रंथ का प्रकाशन किया गया है।



