यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में आग लगने से 9 लोगों की दर्दनाक मौत
यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में आग लगने से 9 लोगों की दर्दनाक मौत
- पुलिस और रेस्क्यू टीम ने 30 यात्रियों को सुरक्षित बचाया
- पीड़ित परिवार के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ ने 2-2 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की
- पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी सुनील कुमार की शिकायत पर दर्ज की एफआईआर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक चलती स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि पुलिस और रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सीएम योगी ने किया मुआवजे का ऐलान
हादसे पर दुख जताते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।
प्रत्यक्षदर्शी की आपबीती: "ड्राइवर ने अनसुनी की चेतावनी"
बस में सवार यात्री सुनील कुमार की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है। सुनील के मुताबिक, यह घटना बुधवार देर रात लगभग 11:30 बजे की है जब अधिकांश यात्री सो रहे थे या सोने की तैयारी में थे।
आग लगने से कुछ समय पहले बस के अंदर धुआं और तेज बदबू महसूस होने लगी थी। यात्रियों ने तुरंत बस ड्राइवर को इसकी जानकारी दी और बस रोकने के लिए कहा, लेकिन ड्राइवर ने चेतावनी को अनसुना कर दिया और बस चलाता रहा, जिसके बाद यह भीषण हादसा हो गया।



