केरल की पहली वंदे भारत ट्रेन को पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी।
PM मोदी ने केरल की पहली वंदे भारत ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, तिरुवनंतपुरम में किया रोड शो
तिरुवनंतपुरम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को तिरुवनंतपुरम रेलवे स्टेशन से केरल की पहली वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राज्य को पहली वंदे भारत ट्रेन मिलने को लेकर उत्साह पिछले एक सप्ताह से चर्चा में है। ट्रेन की पहली व्यावसायिक सेवा बुधवार को कासरगोड से शुरू होगी। यह ट्रेन 7 घंटे 50 मिनट में तिरुवनंतपुरम पहुंचेगी। तिरवनंतपुरम से कासरगोड के लिए पहली सेवा गुरुवार से शुरू होगी।
ट्रेन कोल्लम, कोट्टायम, त्रिशूर, शोरनूर, कोझिकोड और कन्नूर में रुकेगी और कासरगोड इसका अंतिम पड़ाव होगा। सोमवार शाम कोच्चि पहुंचे पीएम मोदी मंगलवार सुबह तिरुवनंतपुरम रेलवे स्टेशन पहुंचे। स्कूली बच्चों के एक समूह के साथ बातचीत के बाद पीएम ने और ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। ट्रेन में 16 कोच हैं, इनमें से दो एग्जीक्यूटिव कोच हैं। हरी झंडी दिखाने के दौरान पीएम मोदी के साथ केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, स्थानीय सांसद-शशि थरूर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
आज सुबह ही पीएम मोदी तिरुवनंतपुरम पहुंचे थे। यहां प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उन्होंने यहां पहुंचने पर रोड शो करके लोगों का अभिवादन भी किया। इसके बाद वह सेंट्रल रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हो गए। वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने तिरुवनंतपुरम में डिजिटल साइंस पार्क की आधारशिला रखी। उन्होंने तिरुवनंतपुरम में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया।



