जापान को पीछे छोड़ दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बना भारत , टॉप 10 में कौन-कौन से देश हैं शामिल?

  • Monday May 26 2025 - 01:31 PM
  •  

नई दिल्ली। भारत ने वैश्विक अर्थव्यवस्था में एक और बड़ी छलांग लगाई है। इसमें भारत ने जापान को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। यह जानकारी अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक रिपोर्ट (अप्रैल 2025) में दी गई है। नीति आयोग के सीईओ बीवीआर सुब्रमण्यम ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि भारत की जीडीपी अब 4 ट्रिलियन डॉलर से अधिक हो गई है।

भारत की जीडीपी पहुंची 4 ट्रिलियन डॉलर पार

बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए अब भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। ये दावा अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने अपनी वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक रिपोर्ट (WEO) रिपोर्ट में किया है, जो 22 अप्रैल 2025 को जारी हुई थी।

नीति आयोग के सीईओ बीवीआर सुब्रमण्यम ने रविवार 25 मई को इस बात की पुष्टि करते हुए कहा,'भारत अब जापान को पीछे छोड़कर चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। हमारी जीडीपी 4 ट्रिलियन डॉलर को पार कर चुकी है, और ये कोई हमारा अनुमान नहीं, बल्कि IMF के आंकड़े हैं।'  उन्होंने यह भी कहा कि अगर देश की नीतियां इसी तरह बनी रहीं तो आने वाले 2 से 3 सालों में भारत जर्मनी को भी पीछे छोड़कर तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है।

2023 के आंकड़ों के अनुसार टॉप 10 अर्थव्यवस्थाओं की लिस्ट (GDP के आधार पर)

अमेरिका – $27.72 ट्रिलियन

चीन – $17.79 ट्रिलियन

जर्मनी – $4.52 ट्रिलियन

जापान – $4.20 ट्रिलियन

भारत – $3.56 ट्रिलियन

ब्रिटेन – $3.38 ट्रिलियन

फ्रांस – $3.05 ट्रिलियन

इटली – $2.30 ट्रिलियन

ब्राज़ील – $2.17 ट्रिलियन

कनाडा – $2.14 ट्रिलियन

2025-26 में भारत की जीडीपी $4.287 ट्रिलियन पहुंचने का अनुमान

अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की नई रिपोर्ट के अनुसार 2025-26 में भारत की जीडीपी $4.287 ट्रिलियन तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि जापान की जीडीपी $4.186 ट्रिलियन रहने का अनुमान है। यानी भारत अब जापान से आगे निकल चुका है।

अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने यह भी कहा कि भारत की विकास दर 2025 में 6.2% और 2026 में 6.3% रहने का अनुमान है, जो कि बाकी बड़ी अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में ज्यादा है। ग्रामीण इलाकों में खपत बढ़ने से ये विकास दर बनी रहेगी। हालांकि, ग्लोबल अनिश्चितता और ट्रेड टेंशन की वजह से इसमें थोड़ा असर पड़ सकता है। 

भारत अगले 2-3 वर्षों में जर्मनी को भी छोड़ देगा पीछे

अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने अनुमान लगाया है कि अगर यही रफ्तार रही तो भारत अगले 2-3 वर्षों में जर्मनी को भी पीछे छोड़कर तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भारत की विकास दर 2025 में 6.2% और 2026 में 6.3% रहने की संभावना है। इससे स्पष्ट है कि भारत अब सिर्फ जनसंख्या में ही नहीं, अर्थव्यवस्था के मामले में भी दुनिया में सबसे आगे निकलने की रेस में है।