वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर में बसंत पंचमी पर श्रद्धालुओं पर बरसेगा गुलाल
- सेवायत गोस्वामी ठा. बांकेबिहारी का केसरिया हलुआ का लगाएंगे भोग
- 40 दिनों तक ठाकुरजी के कपोलोें पर लगाएंगे लाल गुलाल
- 20 मार्च रंगीली एकादशी से 24 मार्च पूर्णिमा तक रंगीली होली
वृंदावन। वृंदावन के सुप्रसिद्ध बांकेबिहारी मंदिर में बसंत पंचमी पर 14 फरवरी से 40 दिवसीय होली पर्व का आगाज हो जाएगा। जहां मंदिर में सुबह श्री बांकेबिहारी महाराज की श्रृंगार आरती के बाद श्रद्धालुओें पर प्रसादी गुलाल बरसेगा वहीं सेवायत गोस्वामियों द्वारा विशेष भोग अपने लाड़ले आराध्य को सेवित किए जाएंगे। वहीं ठाकुरजी का विशेष श्रृंगार किया जाएगा।
मंदिर के सेवायत प्रहलाद बल्लभ गोस्वामी ने बताया कि बसंत पंचमी के अवसर पर ठाकुर बांकेबिहारी महाराज को मेवा-केसर युक्त छैना की खीर और केसरिया मोहनभोग (हलुआ) का विशेष भोग निवेदित किया जाएगा। दोनों समय ठाकुरजी के मस्तक, कपोलों पर लाल ग़ुलाल लगाया जाएगा।
ठाकुर बांकेबिहारी महाराज बसंत पंचमी से होली के रसिया स्वरूप में देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे। होली महोत्सव मनाने के लिए आराध्य श्रीबांकेबिहारी महाराज को आरोग्य सुख से परिपूर्ण रखने की भावना से सेवायतों व भक्तजनों द्वारा लगातार सवा महीने तक मेवा, मिष्ठान व गाय के दूध और घी से बने पकवानों के भोग अर्पित किए जाएंगे।
सेवायत प्रहलाद बल्लभ गोस्वामी ने बताया कि मंदिर में बसंत पंचमी से आरंभ होने वाले इस महोत्सव के बाद ब्रज मंडल में होली का डांढा गढ़ने के साथ ही 40 दिनों तक चलने वाला फाग महोत्सव शुरू हो जाएगा। 20 मार्च रंगीली एकादशी से 24 मार्च पूर्णिमा तक विश्वप्रसिद्ध सरस रंगीली होली का आयोजन होगा। 25 मार्च को धुलैड़ी के दिन सोने-चांदी से जड़ित डोल में ठाकुरजी विराजमान होंगे। इसके दूसरे दिन 26 मार्च से मंदिर में ग्रीष्मकालीन सेवाओं का दौर आरंभ हो जाएगा, जो भाईदूज तक चलेगा। दौज तिथि से मंदिर के पट खुलने और बंद होने के समय में परिवर्तन हो जाएगा



