उत्तराखंड में खिल रहे हैं ब्रह्मकमल, जानिए भगवान शिव को क्यों अत्यधिक प्रिय हैं ब्रह्म कमल
केदार घाटी के ऊंचाई वाले इलाके के साथ ही हिमालय के क्षेत्र इन दिनों बड़ी तादाद में ब्रह्मकमल के पुष्पों से लकदक बने हुए हैं। मखमली बुग्यालों में ब्रह्मकमल खिलने से प्राकृतिक सौन्दर्य में चार चांद लग गए हैं। हिमालयी क्षेत्रों में ब्रह्मकमल, फेन कमल व सूर्य कमल तीन प्रजाति के कमल पाये जाते हैं। जबकि नील कमल समुद्र में पाया जाता है।
हिमालय के इन इलाको में ब्रह्मकमल, फेन कमल व सूर्य कमल तीन तरह की प्रजाति के पुष्प देखने को मिलते है, जबकि नील कमल समुद्र में पाया जाता है। यह हजारो फ़ीट की ऊंचाई पर पाए जाते है और इनमें सूर्यकमल की प्रजाति बेहद दुर्लभ मानी जाती है। जिसका वर्णन शिव महिम्न स्तोत्र में भी किया गया है। ये केदारनाथ धाम से लगभग 9 किमी की दुरी तय करने के बाद में वासुकि ताल रांसी मनणामाई पैदल ट्रैक पर सीला समुद्र का भूभाग, मदमहेश्वर पाण्डवसेरा नन्दी कुण्ड तथा बिसुणीताल व देवताओं के घौला क्षेत्र में असंख्य ब्रह्मकमल के फूल खिले है।
भगवान विष्णु ने किया था शिव का अभिषेक
शिव महिम्न स्तोत्र में लिखा गया है कि एक बार विष्णु भगवान ने भगवान शिव का एक हजार ब्रह्मकमल से अभिषेक किया था। इस पर विष्णु की परीक्षा लेने के लिए एक ब्रह्मकमल पुष्प को गायब कर दिया गया था। भगवान शिव का अभिषेक करने के लिए जब एक पुष्प कम पड़ा तो भगवान विष्णु ने अपने दाहिने नेत्र से भगवान शंकर का अभिषेक किया, जब विष्णु ने अपना दाहिना नेत्र भगवान शंकर को अर्पित किया तो भोलेनाथ विष्णु की भक्ति से प्रसन्न हो गए और उन्होंने विष्णु भगवान को वरदान दिया कि आज से आप कमलनयन के नाम से विख्यात होंगे और उसी दिन से विष्णु का एक और नाम कमलनयन पड़ गया।
भगवान शिव को बेहद प्रिय है यह पुष्प
आचार्य हर्षमणि जमलोकी का कहना है कि जो व्यक्ति भगवन शिव को ब्रह्मकमल अर्पित करता है। उसे शिवतत्व, शिव ज्ञान तथा शिवलोक की प्राप्ति होती है। उन्होंने बताया कि लगभग 14 हजार फ़ीट कि ऊंचाई पर मिलने वाले ब्रह्मकमल को शिवालयों तक लाने के लिए ब्रह्मचार्य अनुष्ठान का पालन करना पड़ता है। नंगे पांव ब्रह्म कमल तोड़ने व शिवालयों तक पहुंचाने की परम्परा युगों पूर्व की है।



