मातृभाषा दिवसः कच्छ के रण में लोकप्रिय रही ब्रजभाषा का बंगाल, आसाम, उड़ीसा में भी महत्त्व

  • Monday February 23 2026 - 09:50 AM
  •  

  • -18 वीं सदी में कच्छ के रण तक लोकप्रिय था अष्टछाप के कवि नन्ददास द्वारा रचित ब्रजभाषा कोश
  • - ब्रजभाषा की गौरवगाथा कहती- कच्छ की ब्रजभाषा पाठशाला

डॉक्टर राजेश शर्मा 

वृंदावन। एक समय ऐसा थी रहा जब ब्रज की मनभावन भोर का अनुभव दूर तक था या यूं कहें कि लोग चाहते थे, भक्ति से परिपूर्ण ब्रज के उस दिव्य आनन्द की सुखद अनुभूति के साथ जीएं, जिसमें भजन भी था और ज्ञान भी। सुदूर क्षेत्रों में यह अनुभूति बहुविधि व्याप्त हुई। इस व्याप्ति की विविधता से जुड़ा एक पक्ष कच्छ की उस ब्रजभाषा पाठशाला के रुप में दिखता है, जो 18वीं सदी के दौरान स्थापित हुई। इतना ही नहीं दक्षिण भारत में भी ब्रजभाषा पहुंची और वहां के आचार्य ब्रज में आकर रम गए।

इसे ब्रज-संस्कृति या भाषा का आकर्षण कहें या तत्कालीन दौर की आवश्यकता कि सुदूर क्षेत्रों के हिन्दी-अहिन्दी भाषी लोग,जुड़ना चाहते थे; ब्रजभाषा से,संस्कृति से..। ब्रज की ऐसी ही मनभावन सुखद भोर को दर्शाने वाला एक दृश्य 18 वीं सदी के दौरान सुदूर कच्छ के रण तक दिखता है, जहां भोर में विद्यार्थीजन दैनिक अभ्यास में गाते थे-ब्रजभाषा की सुमधुर पदावलियां। 

सौराष्ट्र और सिन्ध प्रदेश के मध्य स्थित कच्छ देश यूँ तो अपनी प्राचीनता और सांस्कृतिक विविधताओं के कारण प्रसिद्ध रहा है पर 18 वीं सदी के दौरान यहां संचालित ब्रजभाषा की पाठशाला इसका पाठ्यक्रम, यहां के विद्यार्थी, आचार्य परंपरा और ऐसी ही अनेक विशिष्टतायें ब्रजभाषा का जो गौरवबोध करातीं हैं,वह अदभुत है और इससे भी अधिक अदभुत है। इस पाठशाला में पढने वाले विद्यार्थियों द्वारा भोर में किया जाने वाला ब्रजभाषा काव्य अभ्यास,जो तत्कालीन समय में ब्रज और कच्छ के मध्य एक जैसी ही भोर बेला का दृश्य उपस्थित करता है। 

कच्छ की पाठशाला में शामिल रहा अष्टछाप के कवि नन्ददास रचित ब्रजभाषा कोश

जब संस्कृत में रचित साहित्य की तरह ही, ज्ञान परम्परा लोक धरातल पर उतर रही थी, उस दौर में ब्रजभूमि पर महत्त्वपूर्ण कार्य हुए। अष्टछाप के प्रसिद्ध कवि नन्ददास ने उस जमाने में संस्कृत के अमरकोश की तर्ज पर ब्रजभाषा कोश सृजित किया।जो काफी प्रसिद्ध हुआ। इसकी तत्कालीन लोकप्रियता का अन्दाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि 18वीं सदी में कच्छ देश द्वारा संचालित ब्रजभाषा पाठशाला में अन्य ब्रजभाषा ग्रंथों के साथ ही नन्ददास द्वारा रचित ब्रजभाषा कोश शीर्ष पर सम्मिलित था। सन् 1818 ईसवीं में प्रकाशित बुद्धिप्रकाश शीर्षक पत्रिका के जुलाई अंक में कच्छ की इस पाठशाला के पाठ्यक्रम में सम्मिलित 45 ग्रंथों की सूची प्रकाशित हुई, जिसमें नन्ददास कृत मान मंजरी और अनेकार्थी नाममाला ब्रजभाषा कोशों को शीर्ष पर अंकित किया गया था।

महाराव लखपति सिंह ने स्थापित की थी पाठशाला

कच्छ की यह पाठशाला  विद्या केन्द्र काशी की तरह ही प्रतिष्ठित हो चली थी। इसकी स्थापना कच्छ नरेश महाराव लखपति सिंह के द्वारा 1741-1761ई. के मध्य की गई।

कच्छ राज्य करता था विद्यार्थियों के भोजन एवं शिक्षा पर खर्च

विद्यार्थियों के भोजन प्रबन्ध,पुस्तकों की व्यवस्था तथा आवास आदि का प्रबन्धन राजकीय जिम्मेदारी थी। विद्यार्थी जन को केवल पढ़ने का ही दायित्व था। एक विद्यार्थी कम से कम पाँच वर्षों तक शिक्षा ग्रहण करता था। तदोपरान्त परीक्षा उत्तीर्ण कर वह  ज्ञानवान कवि के रूप में समाज के मध्य आता था।

खूब प्रचारित-प्रसारित थी पाठशाला

कच्छ की इस पाठशाला का उस जमाने में खूब प्रचार-प्रसार था। डॉक्टर निर्मला आसनानी ने भी इस पाठशाला के संदर्भ में महत्त्वपूर्ण जानकारियाँ दी हैं। कच्छ नरेश इस बात पर विशेष ध्यान देते थे कि अधिकाधिक विद्यार्थी पाठशाला का लाभ लें। इस हेतु राज्य की ओर से गुजरात,राजस्थान काठियावाड़ एंव सिंध आदि क्षेत्रों में प्रचार अभियान चलाये जाते थे। जिसमें इस बात को प्रमुखता से कहा जाता था कि विद्यार्थी को पूर्ण रूप से राजाश्रय प्राप्त रहेगा।

संवत 1941में  प्रिंट ब्रजभाषा कोश 

समय के सापेक्ष वर्तमान गुजरात के तत्कालीन कच्छ राज्य में पाठशाला की उन्नति के लिये रजवाडे की ओर से कच्छ दरबारी प्रेस स्थापित हुई। जिसमें विद्यार्थियों के मध्य वितरित की जाने वालीं पुस्तकें यहीं से प्रकाशित होने लगीं। दरबारी प्रेस के द्वारा संवत 1941में नंददास द्वारा रचित ब्रजभाषा कोश मुद्रित करके विद्यार्थियों के मध्य वितरित किया गया।

ब्रजभाषा की मिठास सुदूर दक्षिण तक

ब्रज और दक्षिण के समन्वय की यशगाथा जिन विविधताओं के साथ प्रस्तुत होती है,वह भारतीय सांस्कृतिक चिंतन में श्रीकृष्ण की व्याप्ति का बोध कराने के साथ ही साहित्य,संगीत और कला तीनों रूपों में अनेक उपांगों के साथ गहरे तक व्याप्त है। यह केरल और ब्रज के मध्य युग-युगों से स्थापित सांस्कृतिक समन्वय का सुखद पक्ष ही है कि यहाँ न केवल श्रीकृष्ण से अभिप्रेत संस्कृति बल्कि जिस ब्रजभाषा को दक्षिण से ब्रज पधारे, देववाणी के साधक महाप्रभु वल्लभाचार्य ने पुरुषोत्तम भाषा कहा भी केरल में खूब पल्लवित हई। दक्षिण में आलवार परम्परा की उर्वरा भूमि पर जगदगुरु आदि शंकराचार्य ने भज गोविन्दं भज गोविन्दं, गोविन्दं भज मूढ़मते... कहकर द्वादश मंजरिकाओं के द्वारा कृष्ण भक्ति के महत्त्व को समझाया।

केरल का यह वैशिष्ट्य है श्रीकृष्ण आधारित प्रसंग यहां मणिप्रवाल परम्परा के माध्यम से लोक धरातल पर उतरे तो श्री कृष्णलीला गायन के लिए ब्रजभाषा भी इसका निमित्त बनी। मलयालम के महाकवि कलक्कत कुंचन नंपियार के स्यमंतकम खण्ड काव्य में सत्यभामा और कृष्ण के विवाह प्रसंग में  ब्राह्मण भोजन के दौरान अनेक अंचलों से पधारने वाले ब्राह्मणों के संवाद उन्हीं की भाषा में लिपिबद्ध किये गये,वहाँ उत्तर भारतीय ब्राह्मण के द्वारा ब्रजभाषा में संवाद देखते ही बनता है।

यहां तिरिविंताकुर ( त्रावनकोर) के महाराज राम वर्मा (स्वाति तिरूनाल) के द्वारा ब्रजभाषा में रचित श्रीकृष्णलीला विषयक हृदय स्पर्शी रचनायें मन को सहज ही विमोहित करतीं हैं। केरल में कदली और नारियल के वृक्षों के मध्य रचनायें करने वाला ब्रजभाषा का यह सुकवि जब अपनी रचनाओं से श्री कृष्ण और यमुना पुलिन को साकार करता है तो केरल और ब्रज-वृन्दावन की दूरियां बिल्कुल सिमट जातीं हैं-

  करुना निधान कुंज के विहारी

  तुम्हरी  वंशी  मेरौ  मन  हारी

   या  वंशी  ते  सुर  मुनि मोहे

   मोह  गई सारी ब्रज की नारी..

भारत सरकार के द्वारा इन पर केन्द्रित डाक टिकिट वर्ष 1988 में लोकार्पित की गई। इसी के साथ यहाँ लोकजगत में श्री कृष्ण विषयक अनेक संदर्भ प्रचुरता से सुलभ हैं। त्रिवेन्द्रमं गंथागार में ताड़पत्र पर रचित ष्हिन्दी मलयालम कोश की जानकारी सुलभ होती है। इसमें हिन्दी के दक्किनी रूप को व्यक्त करते शब्दों के अर्थ मलयालम में दिये हैं। इसके अन्तर्गत ब्रजभाषा शब्दावली प्रचुरता से सुलभ है।

ब्रजबुलि से समृद्ध श्री कृष्ण परिपथ

श्रीचैतन्य महाप्रभु और उनके परिकर के षड गोस्वामी परिकर की समृद्ध परम्परा का योगदान ब्रजबुलि के रूप में बंगाल, उड़ीसा तथा ब्रज को एक मन करता दिखता है। जीव गोस्वामी के शिष्य नरोत्तमदास ठाकुर, श्रीनिवासाचार्य आदि आदि साधकों के द्वारा कीर्तन पदावलियों के प्रसार का महत्त्व ही है कि कालांतर में गुरुदेव रविन्द्रनाथ टैगौर तक ब्रजबुलि में पारम्परिक भक्त कवियों के से भाव अभिव्यक्त करते दिखते हैं। एक दृष्टि देखें तो श्रीकृष्ण की लीला भूमि से ऊर्जित  ब्रजभाषा  प्रायः पूरे भारत को एक सूत्र में पिरोती दिखती है। मुस्लिम भक्तों ने भी इसके महत्त्व को गहराया। 

वृन्दावन शोध संस्थान में संरक्षित ब्रजभाषा की पाण्डुलिपियां

भारत का भक्ति आंदोलन ब्रजभाषा की कहानी गौरव के साथ कहता है। ब्रजस्थ विभिन्न वैष्णव परम्पराओं निम्बार्क, वल्लभ, राधाबल्लभ, हरिदासी, गौड़ीय, ललित एवं चरणदासी आदि के अन्तर्गत श्रद्धा के धरातल पर ब्रजभाषा साहित्य पीढी दर पीढी प्रचुरता से रचा गया । वास्तव में ज्ञान को सहजता से जन- जन तक सहजता से पहुंचाने ब्रजभाषा शताब्दियों से जिस सेतु का कार्य कर रही है - वह प्रणम्य है। 18 वीं सदी में राजस्थान की किशनगढ रियासत के महाराज सावंत सिंह ( नागरीदास) की यह अभिव्यक्ति इस कथन की सार्थकता सिद्ध  करती है , महत्वपूर्ण बात यह है कि वृन्दावन की पवित्र भूमि इस यश गाथा की साक्षी रही है-

धन- धन वृन्दावन के कविजन।..

देववानी ते वानी करि, श्रवन सुधा सौ प्यावैं ॥

ए तुलसी वन बसि कुंजनि मैं,

कुंज केलि विस्तारें ।

नागरीदास भाग इनकै कौ, 

कहं लगि कोऊ उचारै ॥