रूनझुन नुपुर बाजै रे... अमार गौरांगो सुन्दर नाचै रे...
- गुलाबी पोशाक एवं श्वेत मोती के नूतन आभूषण धारण कर राधारमण लाल ने दिए भक्तों को दर्शन
वृन्दावन। रूनझुन नुपुर बाजैं रैं, अमार गौरांगो सुन्दर नाचै रे.... गाले वनमाला डोले रे.. अमार गौरांग सुन्दर नाचे... संकीर्तन माधे माधे.... नाचे नाचे रे गौरा.... आदि हरिनाम संकीर्तन की गूंज से श्रीराधारमण प्रांगण झूम उठा, श्रद्धालु एवं भक्त हरिनाम संकीर्तन पर उन्मादित एवं भावविभोर होकर थिरक रहे थे, मानो ऐसा प्रतीत हो रहा था कि श्रीवास आंगन में साक्षात् श्रीश्रीगौराचांद (चैतन्य महाप्रभु) अपने प्रिय पार्षदों, परिकरों एवं वैष्णवजनों सहित बेसुध होकर हरिनाम संकीर्तन कर नृत्य कर रहे हों। यह समां सुविख्यात गौड़ीय वैष्णव संगीताचार्य मलय दास की संकीर्तन मंडली द्वारा गायन किया गया, उनके साथ मृदंग पर चंदन दास एवं माधव दास, मंजीरे पर गोपीनाथ दास एवं निमाई दास द्वारा प्रांगण हरिनाम संकीर्तनमय किया गया।
यह कार्यक्रम ठा. श्री राधारमण मंदिर में चल रहे शीतकालीन निकुंज सेवा महोत्सव के अवसर पर संध्या आरती के अन्तर्गत किया गया। सेवा महोत्सव के अन्तर्गत ठा. राधारमण लाल ने शांत भक्ति रस निकुंज में विराजकर भक्तों को दर्शन दिए। निकुंज में ठा. राधारमण लाल एवं प्रियाजू ने गुलाबी पोशाक धारण की एवं श्वेत मोती के नूतन आभूषण भी धारण किए, संध्या आरती पर संदर्शन खुलने के अवसर पर अपलक नेत्रों से श्रीजी की छवि को भक्त निहार रहे थे एवं आनंदित हो रहे थे।
शांत भक्ति रस का वर्णन करते हुए आध्यात्मिक गुरू आचार्य श्रीवत्स गोस्वामी ने बताया कि जब भक्त की सेवा करने के लिए तत्पर होते हैं, तो भक्तों के हृदय में विभिन्न प्रकार के भाव उदय होते हैं, जो साधक विषय वृत्तियों पर नियंत्रण करके और हृदय चित्त को शांत भाव में ले आते हैं, तब शांति भक्ति रस का उदय होता है।
इस अवसर पर संत वेणुगोपाल गोस्वामी, अभिनव गोस्वामी, सुवर्ण गोस्वामी आदि उपस्थित थे।



