देश ही नहीं विदेशों में भक्तों को भा रही वृंदावन की क्रोशिया से बनी ऊनी पोशाक

  • Saturday December 20 2025 - 10:11 AM
  •  

  • तीन माह में करीब 80 करोड़ रुपये का कारोबार 
  • अमेरिका-यूरोप तक पहुंच रही ठाकुरजी की पोशाक

वृंदावन। धर्मनगरी वृंदावन से केवल श्रीकृष्ण भक्ति ही नहीं, बल्कि यहां तैयार की गई ठाकुरजी की पारंपरिक पोशाकें भी देश-विदेश में भक्तों की पहली पसंद बनती जा रही हैं। सर्दी के मौसम में क्रोशिया से बनी ऊनी पोशाकों की मांग विशेष रूप से बढ़ गई है, जो वृंदावन से सीधे विदेशों में विराजमान ठाकुरजी तक पहुंच रही हैं। अनुमान है कि इस वर्ष नवंबर से जनवरी तक तीन माह में ऊनी पोशाक का कारोबार लगभग 60 करोड़ रुपये तक पहुंचेगा।

विदेशी भक्तों की पहली पसंद बनी क्रोशिया पोशाक

नगर के करीब एक हजार से अधिक बड़े पोशाक कारोबारी ऊनी, फर और मखमली पोशाकों का कारोबार देशभर के साथ-साथ विदेशों में भी कर रहे हैं। विदेशी भक्तों को विशेष रूप से क्रोशिया से हाथ से बनी ऊनी पोशाकें पसंद आ रही हैं, जबकि देश के श्रद्धालुओं में फर और मखमल की पोशाकों की मांग अधिक है। अमेरिका, यूरोप, कनाडा सहित अन्य देशों में कृष्ण भक्त वृंदावन में बनी पोशाकों को बड़े पैमाने पर मंगवा रहे हैं।

सर्दी में बढ़ी लड्डू गोपाल और राधा-कृष्ण की पोशाकों की मांग

ठंड का मौसम शुरू होते ही श्रद्धालु अपने आराध्य लड्डू गोपाल, राधा-कृष्ण एवं अन्य देवी-देवताओं को ऊनी वस्त्र धारण कराने लगे हैं। इसी के साथ वृंदावन के श्रृंगार बाजार में ऊन, फर और मखमल से बनी पोशाकों की मांग तेज हो गई है। कारोबारी पिछले छह माह से सर्दी के सीजन को देखते हुए पोशाकों का निर्माण कर बाजार में उतार रहे हैं।

22 हजार से अधिक कारीगर जुड़े कारोबार से

मांग बढ़ने पर वृंदावन के कारोबारी न केवल मथुरा और आसपास के गांवों से, बल्कि हाथरस, कासगंज और मेरठ से भी पोशाकें मंगवा रहे हैं। इस कारोबार से करीब 22 हजार से अधिक कारीगर प्रत्यक्ष रूप से जुड़े हुए हैं। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान से श्रद्धालु सर्वाधिक पोशाक खरीद रहे हैं, वहीं गुजरात और महाराष्ट्र में भी बड़ी संख्या में पोशाक भेजी जा रही हैं।

ऑनलाइन ऑर्डर से विदेशों तक पहुंच

वृंदावन-मथुरा क्षेत्र के लगभग एक हजार बड़े कारोबारी विदेशी भक्तों की ऑनलाइन मांग पर डाक और कोरियर के माध्यम से ऊनी पोशाक विदेश भेज रहे हैं। पोशाक कारोबारी मोहित शर्मा के अनुसार, कोविड काल से पहले मथुरा-वृंदावन का पोशाक कारोबार देश-विदेश में फैला था, लेकिन कोविड के बाद यह कारोबार विकेंद्रीकरण का शिकार हो गया है। अब गुजरात, दिल्ली और हरियाणा में भी पोशाक निर्माण होने से वृंदावन का कारोबार लगभग 50 प्रतिशत तक सिमट गया है, फिर भी सर्दी के तीन माह में 80 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है।

पारंपरिक कला की झलक देती हैं पोशाकें

पोशाक कारोबारी पवन अग्रवाल ने बताया कि विदेशों में विराजमान ठाकुरजी, विशेषकर बाल-गोपाल, की पोशाक मुख्य रूप से भारत से ही भेजी जाती हैं। गर्मियों में ये पोशाकें रेशम, जरी और सुंदर कढ़ाई से तैयार होती हैं, जबकि सर्दियों में क्रोशिया, फर और मखमली कपड़े का उपयोग किया जाता है। ये सभी पोशाकें भारतीय कारीगरों द्वारा हाथ से बनाई जाती हैं, जिनमें पारंपरिक भारतीय कला और संस्कृति की झलक होती है, जो विदेशों में बसे कृष्ण भक्तों को अपने घर जैसा अहसास कराती हैं। हालांकि अमेरिका जैसे कुछ देशों में कस्टम नियमों और डाक सेवाओं में बदलाव के कारण पोशाक भेजने में दिक्कतें सामने आई हैं, इसके बावजूद वृंदावन की पोशाकों की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।