वृन्दावन में बनेगा विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन, मथुरा-वृन्दावन के बीच यात्रा होगी सुगम, खर्च होंगे 850 करोड़

  • Thursday May 05 2022 - 11:20 PM
  •  

मथुरा। मथुरा से वृन्दावन के बीच 13 किलोमीटर का सफर श्रृद्धालुओं के लिए और भी सुगम होने जा रहा है। दो धर्म स्थलों के बीच न सिर्फ हेरिटेज ट्रेन दौड़ेगी बल्कि शानदार टू- वे रोड भी बनेगा। इस योजना को साकार करने में 850 करोड़ की लागत आएगी। यह प्रस्ताव मथुरा की सांसद हेमामालिनी ने रेल मंत्री अश्विन वैष्णव से मुलाकात कर दिया है। सांसद ने वृंदावन रेलवे स्टेशन को टूरिस्ट सुविधा केन्द्र बनाने की भी मांग की है। सांसद के साथ ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष भी साथ रहे। 

हेमामालिनी द्वारा रेल मंत्री को दिए प्रस्ताव में प्रमुख रूप से तीन परियोजना पर कार्य होंगे। जिसमें पहला मथुरा-वृन्दावन के बीच 13 किलोमीटर का लाइट रेलमार्ग विकसित किया जाएगा। दूसरा टू लेन सड़क मार्ग और  तीसरा कार्य विश्वस्तरीय वृन्दावन रेलवे स्टेशन एवं जन सुविधा केन्द्र बनाया जाएगा। 

अब यहां चलती है रेल बस

मथुरा और वृंदावन में साल भर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है। मथुरा और वृंदावन के बीच रेलवे ने करीब सौ साल पहले रेल लाइन बिछाई थी। करीब 13 किलोमीटर लंबी इस रेल लाइन पर पहले 6 डिब्बों की ट्रेन चलती थी। मगर, पिछले करीब 10 साल से यहां रेल बस चलती है।

मथुरा और वृंदावन के बीच संपर्क सुधरेगा

हेमा मालिनी ने बुधवार देर शाम रेल मंत्री से मुलाकात के दौरान दिए प्रस्ताव में कहा कि मथुरा और वृंदावन के बीच मौजूदा रेलवे लाइन 22 मीटर आरओडब्ल्यू और पांच स्टेशनों के साथ 12.98 किलोमीटर की दूरी तय करती है। यहां रेलवे के पास 38.7 हेक्टेयर भूमि है। यह लाइन वर्तमान में कम उपयोगी है और अतिक्रमण भी हो रहा है। 

वन्दावन रेलवे स्टेशन को विकसित करने के उद्देश्य से पहले भी रेल मंत्रालय ने इसका मौका मुआयना किया था। मगर, वित्तीय बाधाओं के कारण वह प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ पाया। इस रेल लाइन पर सौंदर्यीकरण होने से न केवल मथुरा और वृंदावन के बीच संपर्क में सुधार आएगा, बल्कि यातायात की समस्या और भीड़भाड़ से निजात मिलेगी। प्रस्ताव के अनुसार इसके अलावा दोनों जगह आने वाले श्रद्धालुओं की पहुंच आसान होगी। इतना ही नहीं शहर के बीच और बांकेबिहारी मंदिर के समीप सैकडों वाहनों को पार्क करने के लिए पार्किंग भी विकसित की जाएगी। 

रेल मंत्री ने काम शुरू करने के अधिकारियों को दिए निर्देश

सांसद ने रेल मंत्री को मथुरा-वृंदावन के बीच 13 किलोमीटर के रेल मार्ग पर लगभग 850 करोड़ रुपए की योजना का प्रस्ताव दिया है। इससे दो लेन सड़क मार्ग, लाइट रेल मार्ग और विश्वस्तरीय वृंदावन रेलवे स्टेशन के अलावा जनसुविधा बनाने के लिए प्रस्ताव दिया है। सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा ने बताया कि मंत्री ने सहमति देते हुए तत्काल कार्य शुरू करने के लिए रेल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

जंक्शन पर 2.75 एकड़ में बने पर्यटक सुविधा केंद्र

सांसद हेमा मालिनी ने मथुरा जंक्शन पर यात्रियों के लिए पर्यटक सुविधा केंद्र बनाने की भी रेल मंत्री से मांग की। सांसद ने रेल मंत्री को दिए मांग पत्र में मथुरा जंक्शन पर 11 हजार 429 वर्ग मीटर यानी 2.75 एकड़ के क्षेत्र में पर्यटक सुविधा केंद्र बनाने की मांग की। इसमें बस और तिपहिया वाहन पार्किंग, आवासीय सुविधा सहित करीब 250 लोगों के लिए बेडरूम का अतिथि गृह बनाया जाए। इसका संचालन ब्रज तीर्थ विकास परिषद करे और भूमि रेलवे की ही रहे। इस योजना पर ब्रज तीर्थ विकास परिषद 14 करोड़ रुपए खर्च करने के लिए तैयार है।