Mathura Violence: ‘फरसे वाले बाबा’ की मौत पर बवाल, हाईवे जाम-तोड़फोड़; लाठीचार्ज, CM योगी सख्त- कई गिरफ्तार

  • Sunday March 22 2026 - 02:40 AM
  •  

मथुरा। मथुरा के छाता क्षेत्र में ‘फरसे वाले बाबा’ के नाम से चर्चित बाबा चंद्रशेखर महाराज की संदिग्ध मौत के बाद हालात बेकाबू हो गए। आक्रोशित भीड़ ने दिल्ली हाईवे जाम कर दिया और जमकर पथराव व तोड़फोड़ की, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस के बार-बार प्रयासों के बावजूद स्थिति कई बार बिगड़ती रही और लंबे समय तक तनाव बना रहा।

बताया जा रहा है कि एक ट्रक से कुचलकर हुई बाबा की मौत को लेकर लोगों में भारी गुस्सा है। प्रदर्शनकारियों ने इसे साजिशन हत्या बताते हुए तत्काल कार्रवाई और उच्च स्तरीय जांच की मांग की।

हाईवे जाम, वाहनों पर पथराव से मची अफरातफरी

दिल्ली हाईवे पर जाम के दौरान फंसे वाहनों पर भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। कई गाड़ियों के शीशे टूट गए और यात्री दहशत में आ गए। पुलिस ने भीड़ को काबू में करने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर भी पत्थरबाजी कर उन्हें पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। हालात एक बार सामान्य होने के बाद फिर से पथराव शुरू हो गया, जिससे प्रशासन की मुश्किलें बढ़ गईं।

भारी पुलिस बल तैनात, अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। एडीएम, तहसीलदार और एसपी देहात के नेतृत्व में कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बाबा की मौत सुनियोजित साजिश के तहत की गई है। वहीं पुलिस और प्रशासन लगातार लोगों को समझाने-बुझाने और जाम खुलवाने में जुटे रहे।

प्रशासन का बयान—हादसे में हुई मौत

प्रशासन के अनुसार, हरियाणा सीमा के पास कोसी क्षेत्र में यह घटना हुई। ‘फरसा वाले बाबा’ अपने शिष्यों के साथ गोवंश तस्करी की सूचना पर एक नागालैंड नंबर के कंटेनर की जांच कर रहे थे, जिसमें साबुन, फिनाइल और शैम्पू जैसे सामान भरे थे। इसी दौरान घने कोहरे में पीछे से आ रहे राजस्थान नंबर के तार से भरे ट्रक ने कंटेनर को टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हुआ और बाबा की मौके पर ही मौत हो गई।

बवाल नहीं थमा, फिर शुरू हुआ पथराव

सुबह से शुरू हुआ बवाल देर तक थमने का नाम नहीं ले रहा था। पुलिस ने कई बार भीड़ को खदेड़कर हालात काबू में किए, लेकिन हर बार फिर से पथराव शुरू हो गया। लगातार बिगड़ते हालात से पुलिस भी दबाव में नजर आई।

लाठीचार्ज और बल प्रयोग, तीन घंटे बाद खुला जाम

दिल्ली हाईवे पर हालात बिगड़ने के बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। इसके बाद करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया जा सका।

CM योगी के सख्त निर्देश, पुलिस अलर्ट

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाए और आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा न जाए। सीएम के निर्देश के बाद पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है और पथराव व हिंसा में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। कई लोगों को हिरासत में लिया गया है और घटनास्थल से छोड़ी गई बाइकें भी जब्त की जा रही हैं।

DIG का बयान- सड़क हादसा, स्थिति नियंत्रण में

आगरा रेंज के डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय ने कहा कि गौरक्षक की मौत सड़क हादसे में हुई है और इसमें गोवंश का कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।

अंतिम दर्शन को उमड़ी भीड़, फिर जाम जैसे हालात

बाबा का पार्थिव शरीर अजनोक गोशाला पहुंचने पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। छाता-बरसाना मार्ग पर जाम जैसे हालात बन गए, जहां दूर-दूर से लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। गोभक्तों ने गिरफ्तार किए गए करीब 40 लोगों की रिहाई और आरोपियों पर कार्रवाई के बाद ही अंतिम संस्कार करने की मांग की। मौके पर डीएम और एसएसपी पहुंचकर लोगों से बातचीत करते रहे।

प्रशासन का आश्वासन, हुआ अंतिम संस्कार

डीएम ने गोशाला के संरक्षण और बाबा के लिए समाधि स्थल बनवाने का आश्वासन दिया। साथ ही कहा कि निर्दोष लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं होगी। एसएसपी ने भी भरोसा दिलाया कि बाबा के नाम पर चौकी स्थापित की जाएगी। प्रशासन के आश्वासन के बाद ही बाबा का अंतिम संस्कार किया गया।

लखनऊ में हाई लेवल मीटिंग

मथुरा की घटना की गूंज शासन तक पहुंच गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गो-संरक्षण को लेकर लखनऊ में उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है, जिसमें बड़े फैसले लिए जाने की संभावना है। फिलहाल छाता कस्बे में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है और पूरे इलाके में स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।