वृंदावन पहुंचे हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी, परिवार संग श्रीबांकेबिहारी व राधावल्लभ जी के किए दर्शन
वृंदावन। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार देर शाम अपने परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर वृंदावन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ब्रज के प्रमुख मंदिरों में पूजा-अर्चना की और संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सीएम सैनी ने देश व प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
श्रीबांकेबिहारी और राधावल्लभ मंदिर में की पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज के साथ सबसे पहले प्रसिद्ध श्रीबांकेबिहारी मंदिर पहुंचे। यहाँ उन्होंने आराध्य के समक्ष दीपक जलाकर विधि-विधान से पूजन किया और शीश नवाया। मंदिर के सेवायत गोस्वामियों ने सीएम और उनके परिवार को प्रसादी पटुका, माला और प्रसाद देकर आशीर्वाद दिया। इसके बाद वे ठाकुर राधावल्लभ मंदिर पहुंचे, जहाँ उन्होंने ठाकुरजी के दर्शन किए और सेवायत मोहित मराल गोस्वामी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया।
"ब्रजभूमि विश्व में आस्था का केंद्र"
पत्रकारों और श्रद्धालुओं से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रजभूमि पूरे विश्व में आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का स्मरण करते हुए कहा, "कुरुक्षेत्र की पावन धरती से ही भगवान कृष्ण ने संपूर्ण जगत को श्रीमद्भगवद्गीता का शाश्वत संदेश दिया था और ब्रज में अनेक अलौकिक लीलाएं कीं।" उन्होंने श्रीबांकेबिहारी जी से हरियाणा के निरंतर विकास और समाज में आपसी सद्भाव बने रहने की प्रार्थना की।
श्रीकृष्ण कृपा धाम में आध्यात्मिक चर्चा
मंदिरों में दर्शन के उपरांत सीएम सैनी परिक्रमा मार्ग स्थित 'श्रीकृष्ण कृपा धाम' पहुंचे। यहाँ उन्होंने गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज से आशीर्वाद लिया और उनके साथ लगभग 15 मिनट तक आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने वहां भोजन-प्रसाद ग्रहण किया। मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और सभी प्रमुख स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहा।



