विदेश में नौकरी का मौका, 5300 पदों पर भारतीयों के लिए नौकरी का ऑफर

  • Thursday March 06 2025 - 01:24 AM
  •  

  • वेतन सीमा लगभग 116976 से 229925 प्रतिमाह 
  • प्रदेश सरकार की पोर्टल पर आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 मार्च

मथुरा। विदेश में नौकरी करने के लिए अरमान रखने वालों के लिए केंद्र सरकार बड़ा मौका लेकर आई है। युवाओं के लिए विदेश में 5300 पदों पर नौकरियां हैं। तीन देशों से भारतीय युवाओं को नौकरी का ऑफर है।

जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा ब्रज के युवाओं को विदेश में नौकरी करने का अवसर दिया जा रहा है। इजराइल, जापान और जर्मनी में युवक युवतियों के लिए केयरगीवर (देखभाल करने वाले) और सहायक नर्स की 5300 पदों के लिए आन लाइन आवेदन मांगे  गए हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 मार्च है। वेतन सीमा लगभग 116976 से 229925 प्रतिमाह तक होगी। 

केंद्र सरकार और विदेशों में नौकरी लगाने के लिए आवेदन लेने वाली कपंनी एनएसडीसी  के संयुक्त प्रयास से ब्रज के युवाओं को इजराइल, जापान और जर्मनी में नोकरी दी जाएंगी। ब्रज के मेडिकल लाइन में प्रशिक्षित युवक-युवतियों को यह मौका दिया जाएगा।

मथुरा की प्रभारी जिला रोजगार सहायता अधिकारी सुगंधा जैन ने बताया कि इजराइल में होमबेस्ड केयरगीवर, केयरगीवर के पांच हजार पदों के लिए युवाओ की भर्ती की जानी है। जापान में केयरगीवर के 50 पद एवं जर्मनी में सहायक नर्स के 250 पदों के लिए भर्ती की जाएंगी। युवा विदेश में नौकरी करने के लिए 31 मार्च 2025 तक प्रदेश सरकार की रोजगार संगम डॉट यूपी डॉट जीओवी डॉट इन (rojgaarsangam.up.gov.in) पोर्टल पर पंजीकरण कर आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा जिला सेवायोजन कार्यालय एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान मथुरा में भी संपर्क कर सकते हैं।