श्री बांकेबिहारी मंदिर
श्री बांकेबिहारी मंदिर में ठाकुरजी बाल रूप में नहीं, युगल सरकार के रूप में हैं विराजमान
वृंदावन। श्री बांकेबिहारी मंदिर की परंपराओं और ठाकुरजी के स्वरूप को लेकर लंबे समय से चली आ रही भ्रांतियों पर सेवायत गोस्वामी एवं हाई पावर्ड कमेटी के सदस्य दिनेश गोस्वामी ने स्पष्ट बयान दिया है। उन्होंने कहा कि श्री बांकेबिहारी महाराज बाल रूप में नहीं, बल्कि युगल सरकार हैं। वर्षों से भक्तों के बीच यह धारणा फैलाई गई कि ठाकुरजी बाल स्वरूप में हैं, जबकि शास्त्रों और परंपराओं के अनुसार यह सत्य नहीं है।
दिनेश गोस्वामी ने बताया कि मंदिर के अन्य सेवायत गोस्वामियों को उन्होंने पहले ही आग्रह किया था कि रात्रि में और ठाकुरजी के शयन काल में देहरी पूजन न कराया जाए, लेकिन कुछ सेवायत ठाकुरजी को बाल रूप मानते हुए इसका समर्थन करते रहे। उन्होंने कहा कि स्वयं यशोदा मैया से भी एक बार यह भ्रम हुआ था, जब उन्होंने कृष्ण का मुख खुलवाया और उसमें संपूर्ण ब्रह्मांड के दर्शन कर चकित रह गई थीं। इससे स्पष्ट होता है कि ठाकुर बांकेबिहारी महाराज कोई साधारण बालक नहीं, बल्कि परम ब्रह्म, परमात्मा हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि ठाकुरजी के प्राकट्य कर्ता स्वामी हरिदास जी ने कभी बाल रूप की उपासना नहीं की, बल्कि युगल सरकार की ही आराधना की थी। स्वामी हरिदास जी की भावनाओं और साधना को गलत रूप में प्रस्तुत कर भक्तों के बीच भ्रम फैलाया गया, जिसे अब दूर किया जाना आवश्यक है।
इसलिए नहीं होती प्रतिदिन मंगला आरती
सेवायत दिनेश गोस्वामी ने बताया कि श्री बांकेबिहारी मंदिर में प्रतिदिन मंगला आरती नहीं होती, क्योंकि सेवायत गोस्वामियों ने युगल सरकार ठाकुर बांकेबिहारी महाराज के विश्राम और शयन का विशेष ध्यान रखा है। ठाकुरजी को सुबह शयन से नहीं जगाया जाता। उन्होंने बताया कि मंगला आरती वर्ष में केवल एक बार होती है, जब विशेष अवसर पर युगल सरकार को शयन से उठाया जाता है।
बांकेबिहारी मंदिर में देहरी पूजन कब शुरू हुआ
देहरी पूजन को लेकर जानकारी देते हुए दिनेश गोस्वामी ने बताया कि श्री बांकेबिहारी मंदिर में देहरी पूजन की शुरुआत वर्ष 2009 में हुई थी। समय के साथ यह भक्तों की आस्था का अभिन्न अंग बन गया है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु देहरी पूजन करना चाहते हैं। हालांकि, इस परंपरा को लेकर उठे विवाद के बाद मंदिर के कुछ सेवायतों ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। इस मामले में 7 जनवरी को सर्वोच्च न्यायालय का निर्णय आने की संभावना है। श्री बांकेबिहारी मंदिर की परंपराओं, ठाकुरजी के स्वरूप और पूजा विधियों को लेकर यह बयान भक्तों के बीच व्याप्त भ्रम को दूर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



