नेशनल हेराल्ड मामले में आज सोनिया गांधी से फिर होगी पूछताछ, ईडी के समक्ष तीसरी पेशी

  • Wednesday July 27 2022 - 09:28 AM
  •  

नई दिल्ली। नेशनल हेराल्ड से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से आज यानि बुधवार को फिर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) पूछताछ करेगा। इससे पहले मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष से लगभग छह घंटे की पूछताछ की गई थी। सोनिया गांधी की ईडी के सामने यह तीसरी पेशी होगी। 

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से पहली बार 21 जुलाई को ईडी द्वारा दो घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की गई थी। रायबरेली से लोकसभा सदस्य ने तब एजेंसी के 28 सवालों के जवाब दिए थे। उधर, सोनिया गांधी से पूछताछ के विरोध में कांग्रेस एक बार फिर प्रदर्शन करेगी। एक दिन पहले धरने पर बैठे राहुल गांधी को भी दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था। अब तक ईडी द्वारा नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से करीब 8 घंटे की पूछताछ की जा चुकी है।

आज इन रास्तों पर जाने से बचें 

दिल्ली पुलिस ने ट्वीट कर आम लोगों को कुछ रास्तों पर जाने से बचने की सलाह दी है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्वीट कर मोतीलाल नेहरू मार्ग, अकबर रोड, जनपथ, मान सिंह रोड, गोल मेथी जंक्शन, तुगलक रोड जंक्शन, क्लेरिज जंक्शन, क्यू-पॉइंट जंक्शन, सुनहरी मस्जिद जंक्शन, मौलाना आज़ाद रोड जंक्शन विशेष यातायात व्यवस्था के कारण सुबह 09 बजे से दोपहर 02 बजे के बीच जानें से बचने की सलाह दी है।