मथुरा समेत देश के 50 रेलवे स्टेशन पर मिलेंगी सस्ती दवाएं

  • Wednesday November 01 2023 - 12:15 AM
  •  

  • आगरा मंडल के आगरा छावनी मथुरा मथुरा जंक्शन खुलेगा जन औषधि केंद्र  

वृंदावन। रेल यात्रियों को सहज एवं रियायती दर पर दवाएं उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार ने रेल स्टेशनों पर जन औषधि केंद्र खोलने का फैसला किया है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत जन औषधि केंद्र फिलहाल देश के 50 स्टेशनों पर खोले जाएंगे। जिसमें आगरा मंडल के आगरा छावनी और मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशनों पर जन औषधि केंद्र खोले जायेंगे। 

स्टेशन परिसर में ही आउटलेट खोले जाएंगे ताकि यात्रियों के साथ-साथ स्टेशन तक आने-जाने वाले लोगों को भी सुविधाजनक तरीके से सस्ती दवाएं मिल सके। लाखों दैनिक यात्रियों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए रेलवे स्टेशनों पर लगातार सुविधाओं बढ़ाई जा रही हैं। 

आगरा मंडल की रेलवे पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोले जा रहे हैं। जन औषधि केंद्र के जरिए सस्ती दर पर गुणवत्ता वाली दवाएं स्टेशनों पर उपलब्ध कराने की इस पहल से यात्रियों एवं स्टेशनों पर आने-जाने वाले लोगों को आसानी होगी। यह रोजगार बढ़ाने का भी एक अच्छा साधन है।

रेलवे स्टेशनों पर जन औषधि केंद्र स्थापित करने के उद्देश्य

1.सस्ती दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाएं और उपभोग्य वस्तुएं (जनऔषधि उत्पाद) उपलब्ध कराने के केंद्र सरकार के मिशन को बढ़ावा देना।

2.रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों व आगंतुकों को जनऔषधि उत्पादों तक आसानी से पहुंचने में सक्षम बनाना।

3.सस्ती कीमतों पर दवाएं उपलब्ध कराकर समाज के सभी वर्गों के बीच कल्याणकारी सेवा को ले जाना। 

4.यह रोजगार बढ़ाने का भी एक अच्छा साधन बनेगा।

मथुरा जंक्शन के द्वितीय प्रवेश द्वार स्थापित होगा जन औषधि केंद्र

प्रधान मंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र स्टाल के लिए आगरा छावनी के सर्कुलेटिंग एरिया में 120 वर्गफुट स्थान एवं मथुरा जंक्शन स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार के कॉनकोर्स एरिया में 120 वर्ग फुट स्थान चयनित किया गया है। जन औषधि केंद्र योजना के तहत आउटलेट खोलने का लाइसेंस दिया जाएगा। आगरा मंडल के आगरा छावनी और मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशनों के जन औषधि केंद्र स्टॉल, आईआरईपीएस के माध्यम से ई-नीलामी द्वारा 3 वर्ष के लिए प्रदान किए जाएंगे । सफल बोलीदाताओं को दवा की दुकान चलाने के लिए आवश्यक अनुमति और लाइसेंस प्राप्त करना होगा। दवाओं के भंडारण के लिए भी मानकों को पूरा करना होगा।