स्कूल में जय श्री राम बोलने पर टीचर ने बच्चे को जमकर पीटा, टीचर व डायरेक्टर गिरफ्तार
शहडोल। मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में एक स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे ने जय श्री राम का नारा लगा दिया। जिससे नाराज होकर टीचर ने बच्चे की जमकर पिटाई कर दी। बच्चे ने पुलिस को बताया कि क्लास के दौरान नहीं बल्कि छुट्टी होने के बाद जय श्री राम का जयकारा लगाया था। इस पर पुलिस ने टीचर और डायरेक्टर के विरूद्ध कार्रवाई की है।
स्कूल टीचर और डायरेक्टर गिरफ्तार
देशभर में राम नाम की गूंज है। ऐसे में जब एक टीचर द्वारा बच्चे की पिटाई की जानकारी पुलिस को लगी तो उन्होंने फट से स्कूल टीचर और स्कूल के डायरेक्टर को गिरफ्तार कर लिया।
सातवीं कक्षा के बच्चे को पीटा
शहडोल जिले के बुढार थाना क्षेत्र में संचालित ग्रीन बेल्स प्राइवेट स्कूल में कक्षा 7 वीं में पढ़ने वाले बच्चे के साथ उसी स्कूल के टीचर अब्दुल वाहिद ने बच्चे की पिटाई कर दी है। वे स्कूल में इंग्लिश पढ़ाते हैं। पुलिस ने इस मामले में किशोर न्याय अधिनियम के तहत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
परिजनों ने घेर लिया था थाना
बच्चे ने पिटाई की जानकारी जब अपने परिजनों को दी तो वे आक्रोशित हो थाने पहुंच गए थे। जमकर नारेबाजी कर थाने का घेराव कर लिया था। ऐसे में मामला अधिक न बढ़ जाए, इस कारण समय रहते ही पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।



