हिन्दू समाज की धार्मिक आस्थाओं से जुड़ा है वृन्दावन धामः आनन्दीबेन पटेल

  • Tuesday June 28 2022 - 11:17 AM
  •  

वृन्दावन। यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने ब्रज की भूमि को पवित्र बताते हुए कहा कि यह राधा और कृष्ण की लीलाओं की स्थली है, यहां अनेकों प्रसिद्ध मन्दिर जैसे श्री बिहारी जी, गोविन्द जी, राधाबल्ल्भ, निधिवन, वैष्णों देवी आदि विद्यमान हैं। उन्होंने कहा कि वृन्दावन की प्राकृतिक छटा देखने योग्य है यह नगर हिन्दू समाज की धार्मिक आस्थाओं से जुड़ा है। यही कारण है कि अनेक विधवा महिलाओं को वृद्धावस्था में यहां जीवन यापन करने के लिए छोड़ दिया जाता है। यहां प्रदेश ही नहीं अनेक देश व प्रदेशों से महिलायें आती है। 

यह विचार उन्होंने सोमवार को वृन्दावन स्थित कृष्णा कुटीर महिला आश्रय सदन में विधवा एवं निराश्रित महिलाओं से मुलाकात करने के दौरान व्यक्त किये। इससे पहले उन्होनंे वृन्दावन में श्री बांकेबिहारी मंदिर में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और मुख्यमंत्री योग आदित्यनाथ के साथ दर्शन एवं पूजा अर्चना की। इससे पहले उन्होंने हैलीपैड पर राष्ट्रपति का स्वागत किया।

 

वर्तमान में कृष्णा कुटीर आश्रम में 157 महिलायें जीवन यापन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कृष्णा कुटीर आश्रम में एक हजार महिलाओं के रहने की व्यवस्था है, जिसका प्रबंध केन्द्र व राज्य सरकार मिलकर कर रही हैं।

 राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि जहां भी विधवा एवं निराश्रित महिलायें परेशान हों, उन्हें लाकर इस आश्रम में रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि कभी कबार कम उम्र में महिलाओं की शादी कर दी जाती है। कम उम्र की विधवाओं को पुर्नविवाह का अधिकार मिलना चाहिए। इस समाजिक परिवर्तन के लिए समाज के साथ-साथ समाजिक संस्थाओं और आम लोगों को आगे आने की आवश्यकता है।