यूपी में राजस्थान के बड़े मंदिरों में बनाए जाएंगे कॉरिडोर: शकुंतला रावत
- वृंदावन के राधा माधव मंदिर का 2.59 करोड़ से होगा संरक्षण
- 593 मंदिरों में पूजा पाठ और पोशाक के लिए 593 लाख रुपए आवंटित
वृंदावन। राजस्थान की देवस्थान विभाग की मंत्री शकुंतला रावत ने वृंदावन में जयपुर मंदिर के रखरखाव का निरीक्षण किया। इसके बाद देवस्थान के विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।
उन्होंने कहा कि राजस्थान के सभी 593 मंदिरों में पूजा पाठ और पोशाक के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए होने वाले सुधार कार्य के लिए 593 लाख रुपए आवंटित किए हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने वृंदावन के राधा माधव मंदिर (जयपुर मंदिर)के लिए 6 करोड़ 49 लाख रुपए एवं बरसाना के मंदिर के लिए 2 करोड़ 59 लाख रुपए आवंटित किए हैं। इस धन से मंदिर का रखरखाव, शौचालय, सफाई की जाएगी।
उन्होंने राजस्थान सरकार की संपत्तियों और मंदिरों की जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने देवस्थान विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश जारी की है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में राजस्थान के देवस्थान विभाग की काफी संपत्तियां हैं उनके संरक्षण और संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। राजस्थान के बड़े मंदिरों में भी राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंदिरों के लिए काफी पैसा दिया है और जहां हर मंदिर में पानी की व्यवस्था, श्रद्धालु आराम से दर्शन कर सकें इसके लिए सभी बड़े मंदिरों में एक कॉरिडोर बनाने का भी निर्णय लिया है, जिससे श्रद्धालुओं को कोई परेशानी नहीं हो।



