द्रौपदी मुर्मू चुनी गईं देश की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति, 25 जुलाई को शपथग्रहण

  • Friday July 22 2022 - 10:06 AM
  •  

नई दिल्ली। द्रौपदी मुर्मू  देश की 15वीं राष्ट्रपति निर्वाचित हो गईं हैं। राष्ट्रपति चुनाव की मतगणना में उन्हें  50 प्रतिशत से ज्यादा वोट मिले जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी यशवंत सिन्हा कोे काफी कम मत मिले। द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति निवार्चित होने से इतिहास में देश को पहला आदिवासी राष्ट्रपति मिला है। इसके साथ ही ओडिशा से देश को पहला राष्ट्रपति मिला है। वे देश की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित हुईं हैं। 64 वर्ष की द्रौपदी मुर्मू देश में सबसे कम उम्र में राष्ट्रपति बनने की रिकॉर्ड बनाएंगी।

540 सांसदों का वोट मिला

सूत्रों के मुताबिक द्रौपदी मुर्मू को 540 सांसदों को वोट हासिल हुआ। राष्ट्रपति पद हासिल करने वाली द्रौपदी 15वें व्यक्ति होंगी जबकि देश को 17वां राष्ट्रपति मिलेगा, क्योंकि देश के पहले राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद लगातार दो कार्यकाल तक इस पद पर रहे थे। जीत के बाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित सभी बड़े नेताओं ने बधाई दी है।

आंध्र प्रदेश में सभी मत द्रौपदी मुर्मू को

केरल के एक विधायक को छोड़कर सभी विधायकों ने सिन्हा को वोट दिया जबकि मुर्मू को आंध्र प्रदेश से सभी मत मिले। वह स्वतंत्रता के बाद पैदा होने वाली पहली राष्ट्रपति होंगी और शीर्ष पद पर काबिज होने वाली सबसे कम उम्र की राष्ट्रपति होंगी। वह राष्ट्रपति बनने वाली दूसरी महिला भी हैं। मतगणना के तीसरे दौर के बाद ही उनकी जीत पर मुहर लग गई थी, जब निर्वाचन अधिकारी ने घोषणा की कि मुर्मू को कुल मान्य मतों के 53 प्रतिशत से अधिक मत प्राप्त हो चुके है, जबकि 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मतपत्रों की गिनती चल रही थी।

यशवंत सिन्हा ने दी बधाई

राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा मुर्मू की जीत पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि हर भारतीय उम्मीद करता है कि 15वें राष्ट्रपति के रूप में वह बिना किसी डर या पक्षपात के ‘‘संविधान के संरक्षक’’ के रूप में कार्य करेंगी। सिन्हा ने एक बयान में विपक्षी दलों के नेताओं को इस चुनाव में उन्हें अपने उम्मीदवार के रूप में चुनने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, ‘‘मैं निर्वाचक मंडल (इलेक्टोरल कॉलेज) के सभी सदस्यों को भी धन्यवाद देता हूं जिन्होंने मुझे वोट दिया।

मैंने विपक्षी दलों के प्रस्ताव को पूरी तरह से भगवद गीता में भगवान कृष्ण द्वारा दिये गये कर्म योग के उस उपदेश के आधार पर स्वीकार किया कि ‘फल की उम्मीद के बिना अपना कर्तव्य करते रहो।’ उन्होंने कहा, ‘‘मैंने अपने देश के प्रति अपने प्रेम के कारण अपना कर्तव्य पूरी ईमानदारी से निभाया है। मैंने अपने अभियान के दौरान जो मुद्दे उठाए थे, वे प्रासंगिक हैं।’’

पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह आवास पर देने गए बधाई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा मुर्मू को बधाई देने के लिए उनके आवास पर गये. मोदी ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में पूर्वी भारत के सुदूर हिस्से से ताल्लुक रखने वाली एक आदिवासी समुदाय में जन्मी नेता को राष्ट्रपति निर्वाचित कर भारत ने इतिहास रच दिया है। मुर्मू की जीत की घोषणा के बाद एक के बाद एक ट्वीट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विधायक, मंत्री और झारखंड के राज्यपाल के रूप में उनका कार्यकाल बहुत उत्कृष्ट रहा.उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पूरा भरोसा है कि वह एक उत्कृष्ट राष्ट्रपति होंगी जो आगे बढ़कर नेतृत्व करेंगी और भारत की विकास यात्रा को मजबूत करेंगी।’’

पीएम ने सांसद, विधायकों को भी धन्यवाद दिया

प्रधानमंत्री ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू का जीवन, उनके शुरुआती संघर्ष, उनकी सेवा और उनकी उत्कृष्ट सफलता हर भारतीय को प्रेरित करती है। उन्होंने कहा, ‘‘वह एक उम्मीद की किरण के रूप में उभरी है, खासकर गरीबों, वंचितों और पिछड़ों के लिए.’’उन्होंने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रपति चुनाव में मुर्मू के पक्ष में मतदान करने वाले सभी सांसदों और विधायकों का धन्यवाद किया। मतगणना शुरू होने के तुरंत बाद और उनकी जीत तय होने के बाद उनके पैतृक शहर रायरंगपुर में ‘‘ओडिशा की बेटी’’ को बधाई देने के लिए जश्न शुरू हुआ और लोक कलाकारों और आदिवासी नर्तकों ने सड़कों पर नृत्य किया।

कई गैर-एनडीए दलों ने भी दिया समर्थन

मुर्मू की आदिवासी पृष्ठभूमि ने न केवल उन्हें शीर्ष पद पर पहुंचाने में मदद की, बल्कि उन्हें मैदान में उतारकर भाजपा 2024 के लोकसभा चुनाव के अलावा गुजरात, छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों में एसटी समुदाय के महत्वपूर्ण वोटों पर भी नजर गड़ाए हुए है। उनकी जीत निश्चित लग रही थी और बीजू जनता दल (बीजद), शिवसेना, झारखंड मुक्ति मोर्चा, वाईएसआर कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी (बसपा), तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) जैसे विपक्षी दलों के समर्थन से उनका पक्ष मजबूत हुआ था। ओडिशा में अपने पैर जमाने का प्रयास कर रही भाजपा का ध्यान आदिवासी बहूल मयूरभंज पर हमेशा से रहा है। बीजद ने 2009 में भाजपा से नाता तोड़ लिया था और तब से इसने ओडिशा पर अपनी पकड़ मजबूत कर रखी है। मुर्मू ने 2014 का विधानसभा चुनाव रायरंगपुर से लड़ा था, लेकिन वह बीजद उम्मीदवार से हार गई थी।

ओडिशा के मयूरभंज जिले में 1958 में जन्म

मुर्मू का जन्म 20 जून, 1958 को ओडिशा के मयूरभंज जिले में हुआ था। रायरंगपुर से ही उन्होंने भाजपा की सीढ़ी पर पहला कदम रखा था। वह 1997 में स्थानीय अधिसूचित क्षेत्र परिषद में पार्षद बनी थीं और 2000 से 2004 तक ओडिशा की बीजद-भाजपा गठबंधन सरकार में मंत्री बनीं। वर्ष 2015 में, उन्हें झारखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया और 2021 तक इस पद पर रहीं। वह संथाली और ओडिया भाषाओं में एक उत्कृष्ट वक्ता हैं। उन्होंने क्षेत्र में सड़कों और बंदरगाहों जैसे बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए बड़े पैमाने पर काम किया है।

बहुत संघर्ष पूर्ण रहा निजी जीवन

द्रौपदी मुर्मू बेहद संघर्ष कर यहां तक आईं हैं. उनका राजनीतिक जीवन बेदाग रहा है। द्रौपदी मुर्मू 2000 से 2009 के बीच ओडिशा से विधायक रहीं। इस दौरान वे वहां की मंत्री भी रहीं। उन्हें सर्वश्रेष्ठ विधायक का पुरस्कार भी मिला है। 2015 से 2021 के बीच वे झारखंड की गवर्नर रहीं हैं। हालांकि उनका निजी जीवन बहुत ही दर्द से भरा है। 2009 में द्रौपदी मुर्मू के 25 वर्षीय बेटे लक्ष्मण मुर्मू की मौत हो गई। वहीं 2013 में द्रौपदी मुर्मू ने अपने दूसरे बेटे को खो दिया। रोड़ एक्सीडेंट में उनके बेटे की मौत हो गई। महज 4 साल में उन्होंने अपने 2जवान बेटों की मौत का दर्द झेलना पड़ा।