दुबई में आसमान में इरान की ओर दागे गए मिसाइल। (फोटो- सोशल मीडिया से)
दुबई एयरपोर्ट पर ईरान का हमला, मौके पर मौजूद पीवी सिंधु ने बताया पूरा मंजर
नई दिल्ली। ईरान पर शनिवार को ईजरायल और अमेरिका ने हमला कर दिया। इसके बाद ईरान ने भी जवाबी हमले में पूरे मिडिल ईस्ट में 100 से ज्यादा मिसाइल दागे। ईरान ने इजरायल के हमले के बाद मिडिल ईस्ट में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाना शुरू किया। ईरान ने बहरीन से लेकर दुबई तक पर अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया।
ईरानी हमलों के बीच दुबई एयरपोर्ट पर देर रात का सामान्य माहौल कुछ ही मिनटों में डर और अफरातफरी में बदल गया। मिसाइल हमलों और हवाई हमले की चेतावनियों के बीच हजारों यात्रियों की तरह भारत की बैडमिंटन स्टार पी वी सिंधु (PV Sindhu) भी वहीं मौजूद थीं। सिंधु इंग्लैंड के बर्मिंघम में होने वाले प्रतिष्ठित ऑल इंग्लैंड ओपन सुपर 1000 बैडमिंटन टूर्नामेंट में हिस्सा लेने जा रही थीं। उनका टूर्नामेंट 3 मार्च से शुरू होना है। यात्रा के दौरान पश्चिम एशिया में अचानक सैन्य तनाव बढ़ गया, जिसके कारण दुबई एयरस्पेस बंद कर दिया गया और उनकी फ्लाइट रुक गई।धमाकों की आवाज और ऊपर उड़ती इंटरसेप्टर मिसाइलें और लगातार कैंसिल होती फ्लाइट ने एयरपोर्ट को युद्ध जैसे माहौल में बदल दिया। सिंधु ने खुद सोशल मीडिया पर बताया कि यह अनुभव बहुत ही डरावना था और हालात इतनी तेजी से बिगड़े कि किसी को समझने का मौका ही नहीं मिला।
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार ऑल इंग्लैंड ओपन खेलने बर्मिंघम जा रहीं सिंधु के लिए यह सफर अचानक संकट में बदल गया। एयरस्पेस बंद होते ही दुबई एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन रोक दिया गया। यात्रियों की लंबी कतारें लग गईं। परिवार फर्श पर बैठे दिखे। अनाउंसमेंट लगातार बदलते रहे। सिंधु ने सोशल मीडिया पर बताया कि एक जोरदार विस्फोट हुआ और उनके कोच भी उस समय बेहद करीब थे, हालांकि उन्होंने राहत की बात कही कि उनकी पूरी टीम सुरक्षित है लेकिन माहौल बेहद तनावपूर्ण और अस्थिर बना हुआ है।
दुबई में बढ़ते सैन्य तनाव के कारण पूरे खाड़ी क्षेत्र में हवाई यातायात प्रभावित हुआ। अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर सैन्य कार्रवाई के बाद जवाबी हमलों की आशंका बढ़ गई थीं। इसी बीच एयरस्पेस बंद होने से एमिरेट्स और एयर इंडिया समेत कई एयरलाइंस ने उड़ानें रद्द कर दीं। एयरपोर्ट पर हजारों यात्री फंस गए। पी वी सिंधु ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर इसके बारे में पोस्ट लिखा।
भारतीय बैडमिंटन स्टार ने बताया कि एयरपोर्ट के अंदर हालात बेहद गंभीर थे। कई परिवार बच्चों के साथ इंतजार कर रहे थे। लोग लगातार मोबाइल पर खबरें देख रहे थे। ऊपर से इंटरसेप्शन मिसाइल की आवाजें सुनाई दे रही थीं। सिंधु ने कहा कि सामान्य जिंदगी कितनी नाजुक होती है इसका एहसास ऐसे समय में होता है. उन्होंने सभी की सुरक्षा और शांति के लिए प्रार्थना भी की।



