बांकेबिहारी के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु, 5 लाख भक्तों ने दर्शन किए

  • Monday October 02 2023 - 12:40 AM
  •  

वृंदावन। बांके बिहारी मंदिर में रविवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। विद्यापीठ चौराहा एवं जुगलघाट तिराहा से लेकर बांके बिहारी मंदिर को जाने वाली सभी गलियां श्रद्धालुओं से खचाखच भर गईं। वहीं मंदिर के प्रवेश द्वारों पर घुसने के लिए श्रद्धालुओं के बीच आपाधापी मची। भीड़ के जबर्दस्त दबाव के कारण महिला श्रद्धालुओं ने लोगों के बीच से निकलकर रैलिंगों को लांघकर मंदिर के प्रवेश द्वार तक जाने का कोशिश की। 

बांके बिहारी मंदिर के पौने आठ बजे पट खुलने से पहले छह बजे से ही श्रद्धालुओं का बांकेबिहारी मंदिर के गलियों में आना शुरु हो गया था। मंदिर के प्रवेश द्वार तीन से लेकर बांकेबिहारी पुलिस चौकी से लेकर विद्यापीठ चौराहा, प्रवेश द्वार दो से लेकर जुगलघाट तक एवं दुसायत कीे ओर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु जमा हो गए। मंदिर के पट लगभग साढे सात बजे खुलते  ही श्रद्धालु का सैलाब मंदिर की ओर उड़ पड़ा। मंदिर के चौक से लेकर द्वार और गलियों तक जबर्दस्त भीड़ होग गई। मंदिर के अंदर निजी सुरक्षा गार्ड भी भीड़ को नियंत्रित करने में पसीना-पसीना हो गए। मंदिर के बाहर मार्गों पर भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस के भी हाथ पांव फूल गए। वहीं बांके बिहारी की प्राकट्य स्थली निधवन में भी श्रद्धालुओं का जमावड़ा लग गया। बड़ी संख्या में आए श्रद्धालुओं के आगे पुलिस प्रशासन की व्यवस्था बौनी नजर आई। 

बांकेबिहारी मंदिर के सह प्रबंधक उमेश सारस्वत ने बताया कि लगातार दो अक्टूबर तक लगातार चार दिन की छुट्टी होने पर ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के दर्शनों के लिए लगभग पांच लाख श्रद्धालु आए। सोमवार को दो अक्टूबर का अवकाश होने पर भी लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के बांकेबिहारी मंदिर में आने की संभावना है।