श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन: 44 दिन रामनाम के सहारे जेल में काटे, केला और चना खाकर बिताए दिन
- जेलर की पत्नी भेजती थी हवन सामग्री, जेल में राम के लिए होता हवन
वृंदावन। रामजन्मभूमि आंदोलन को गति देने लिए संतों की अगुवाई में हिंदूवादी संगठनों ने योजनाबद्ध तरीके से एक के बाद एक राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम किए। जयश्रीराम के उदघोष के बीच दिल्ली में लगी धर्म संसद में आंदोलन को उच्च स्तर पर ले जाने योजना बनीं। संतों को जिम्मेदारी मिली थी कि वह लाखों कारसेवकों को लेकर अयोध्या पहुंचे। वहीं उत्तर प्रदेश में रामभक्तों पर पुलिस का सख्त पहरा था। संतों और कारसेवकों को पुलिस जेल में ठूस रही थी।
श्रीमहंत फूलडोल बिहारी दास महाराज ने बताया कि अयोध्या में राम रामजन्मभूमि आंदोलन के परवान चढ़ने से पहले दिल्ली में धर्म संसद हुई। इसमें स्वामी वामदेव महाराज एवं विहिप, बजरंग दल के नेता शामिल हुए। यहां से उन्हें जिम्मेदारी मिली के अयोध्या अधिक से लोगों को लेकर पहुंचना है। स्वामी ओम चैतन्य और करीब 16 संतों के साथ उन्होंने गांव-गांव तांगे से प्रचार प्रसार किया। इस दौरान खाना पानी मिलना मुश्किल हो रहा था। केला और चना खाकर कई-कई दिन गुजारे।
आंदोलन के गति देने के लिए पहले राम ज्योति यात्रा निकाली। इस दौरान पुलिस ने बरेली में गिरफ्तार कर लिया। 13 दिन जेल में काटे। इसके बाद दो दिन फतेहगढ़ जेल में रखा गया। जेल में अनशन करने पर छूटने पर फिर वह वृंदावन से 26 बसों के साथ अयोध्या पहुंचे। रास्ते में मथुरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और दो दिन नरहौली थाने में रखा। उसके बाद जब जेल में भर गई। तो एटा जेल भेज दिया। जहां रामनाम के सहारे 29 दिन काटे। जेल में भी सुबह और शाम हनुमान चालीसा और राम जन्मभूमि आंदोलन के लिए हवन हुए।
महंत फूलडोल बिहारी दास महाराज ने बताया कि जेलर की पत्नी भी राम भक्त थी। वह जेल में हवन के लिए हवन सामग्री भेजा करती थी। जहां एक तरफ जेल में संत और रामभक्त हवन कर प्रभु राम के मंदिर की कामना कर रहे थे वहीं दूसरी तरफ छह दिसंबर 1992 में विवादित ढ़ाचा ढहाया जा रहा था।



