मथुरा में रिवर फ्रंटः बंगाली घाट से कंस किला तक जोड़े जाएंगे 20 घाट
- वर्तमान में यमुना किनारे विश्राम घाट से सीधे अन्य घाटों तक पहुंचना संभव नहीं
- 43 करोड 66 लाख 52 हजार की धनराशि से होंगे घाट विकसित
मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद भगवान श्रीकृष्ण की पटरानी यमुना के घाटों का श्रृंगार करने जा रहा है। इसकी शुरुआत बंगाली घाट से कंस किला तक सभी 20 घाटों को जोड़ते हुए होगी। इसे रिवर फ्रंट के रूप में विकसित किया जाएगा। यह कार्य 43 करोड 66 लाख 52 हजार की धनराशि से हेागा। शासन ने इसके लिए 15 करोड रूपए जारी किए हैं।
मथुरा में यमुना का एक विशेष आध्यात्मिक और धार्मिक महत्व है। करोड़ों श्रद्धालु प्रति वर्ष यमुना पूजन के लिए मथुरा आते हैं। इसमें यम द्वितीया का त्योहार प्रमुख है। यमुना पूजन के लिए वर्ष भर आने वालों में गुजरातियों की संख्या सर्वाधिक है।
दो दर्शक पहले प्रदेश सरकार ने विश्राम घाट से बंगाली घाट तक यमुना के घाटों का जीर्णोद्धार किया था। इस प्रकिया को ओर आगे बढ़ते हुए उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद बंगाली घाट से कंस किला तक के सभी घाटों को जोड़ने का काम करने जा रहा है। वर्तमान में बंगाली घाट से कंस किला तक पहुंचने का कोई घाटों का रास्ता नहीं है। यहां तक नाव द्वारा या फिर सड़क मार्ग द्वारा ही पहुंचा जा सकता है।
इस स्थिति को देखते हुए परिषद ने अब यमुना किनारे के इन सभी घाटों को कंस किला से विश्राम घाट तक जोड़ने का फैसला किया है। बंगाली घाट तक इनकी संख्या करीब 20 है।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि घाटों को आपस में जोड़ने की योजना यूजर फ्रेंडली होगी। इसमें बुजुर्गों को यमुना जल तक पहुंचाने के लिए घाटों की सीढ़ियों को चढ़ने में परेशानी का सामना नहीं करना होगा। इन घाटों पर श्रद्धालुओं के बैठने और स्नान करने सहित अन्य जनसुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि यह परियोजना रिवर फ्रंट के रूप में विकसित होगी। इसकी स्वीकृति राज्य सरकार ने दे दी है। जल्द घाटों के विकास की इस परियोजना पर काम शुरू होगा। मथुरा की प्राचीनता को ध्यान रखते हुए घाटों का सम्पूर्ण कार्य हेरिटेज लुक में होगा।
कंस किला पर होगा लाइट एंड साउंड शो
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद विश्राम घाट से कंस किला तक घाटों के विकास के साथ ही इसे पर्यटकों के लिए आकर्षण बनाने के लिए लाइट एंड साउंड शो की तैयारी में है। यहां लोग भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं को इस शो में देख सकेंगे। घाट विकास के साथ ही इस योजना पर भी कार्य होगा।
यमुना से निहारी जाएंगी घाटों की खूबसूरती
उतर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह का कहना है कि वर्तमान में घाटों पर बैठकर घाटों की खूबसूरती नजर नहीं आती है। घाटों से तो यमुना का प्रवाह देखने को मिलता है। गोकुल से वृंदावन तक क्रूज संचालन होने के बाद यमुना से घाटों की खूबसूरती देखने को मिलेगी। जल मार्ग की यह परियोजना भी जल्द अमल में आएगी।



