तबला वादक पद्मश्री विजय घाटे
शास्त्रीय संगीत की समझ होते ही भूल जाएंगे पाश्चात्य संगीत: विजय घाटे
वृंदावन। तबला वादक पद्मश्री विजय घाटे ने कहा कि देश की युवा शक्ति जिस दिन भारतीय शास्त्रीय संगीत की गहराई को समझने लग जाएंगे, उसी दिन से वह पाश्चात्य संगीत को भूल जाएंगे। क्योंकि भारतीय शास्त्रीय संगीत न सिर्फ साधना है बल्कि संगीत का आधार भी है।
यह विचार उन्होंने आईओपी कॉलेज में पत्रकारों से वार्ता के दौरान कही। वह स्वामी हरिदास संगीत एवं ऩृत्य महोत्सव में स्वामी हरिदास को भावांजलि देने आए। उन्होंने कहा कि भारतीय संगीत आत्मिक सुख की अनुभूति कराता है। संतों ने संगीत के माध्यम से ही ईश्वर की साधना की है। उन्होंने कहा कि वह विगत तीन दशकों से स्वामी हरिदास महोत्सव में प्रस्तुति दे रहे हैं। आज उन्ही की कृपा से उनकी अथक साधना का प्रतिफल पद्मश्री पुरस्कार के रूप में मिला है। उन्होंने कहा कि संगीत की साधना ही उनके जीवन का ध्येय है।



