वृंदावन के जुगल घाट पर विदेशी कृष्ण भक्त की हालत बिगड़ी, मौत
वृंदावन। जुगल घाट पर बीमार हालत में मिले विदेशी श्रद्धालु की रविवार को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस और खुफिया विभाग ने घटना की सूचना बेलारुस दूतावास को दे दी है।
पुलिस के अनुसार शनिवार की दोपहर जुगलघाट पर एक विदेशी श्रद्धालु की अचानक तबियत खराब हो गई। इसकी जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस की दी और जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। जहां स्थिति में सुधार नहीं होने पर एस एन मेडिकल कॉलेज आगरा रैफर कर दिया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने विदेशी श्रद्धालु को मृत घोषित कर दिया।
पासपोर्ट के आधार पर मृतक की पहचान 55 वर्षीय युरी विसोत्सकी निवासी बेलारूस के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मृतक एक माह के टूरिस्ट वीजा पर 28 मई को भारत आया था, लेकिन पिछले तीन माह से बिना वीजा के वृंदावन में रह रहा था। इसे लेकर खुफिया विभाग और पुलिस द्वारा जांच-पड़ताल की जा रही है।
बांकेबिहारी पुलिस चौकी प्रभारी राजकुमार का कहना है कि जुगल घाट पर एक विदेशी की तबियत खराब हो गई, जिसे जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। आगरा रैफर कर दिया गया। जहां उसकी मोत हो गई है। उसके शव को सुरक्षित कर दिया गया है। दूतावास को सूचित कर दिया है। एनओसी मिलने पर पंचनामा भरा जाएगा। यह वृंदावन में कहां रहता था उसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।



