ओपेरा हाउस में गूंजेंगे देशभक्ति के सुर
ओपेरा हाउस में गूंजेंगे देशभक्ति के सुर, फिल्म ‘120 बहादुर’ का म्यूज़िक लॉन्च होगा ग्रैंड अंदाज़ में
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता और फिल्मकार फरहान अख्तर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘120 बहादुर’ का म्यूज़िक लॉन्च ऐतिहासिक ओपेरा हाउस में भव्य तरीके से आयोजित किया जाएगा। यह फिल्म सिर्फ एक युद्ध कथा नहीं, बल्कि 1962 के भारत-चीन युद्ध में रेज़ांग ला की वीर गाथा लिखने वाले 13 कुमाऊं रेजीमेंट के 120 जांबाज़ सैनिकों को समर्पित है।
फिल्म में फरहन अख्तर मेजर शैतान सिंह की भूमिका निभा रहे हैं, जिन्होंने अपने साथियों के साथ अंतिम सांस तक मोर्चा संभाले रखा और वीरता की मिसाल कायम की। यह वही जंग है, जहां भारतीय जवानों ने कहा था-“हम पीछे नहीं हटेंगे।” यह संवाद फिल्म की आत्मा है और पूरे कथानक में देशभक्ति की धारा प्रवाहित करता है। म्यूज़िक लॉन्च के दौरान फिल्म की टीम, गायक, संगीतकार और कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहेंगी। देशभक्ति भरे गीतों से सजी इस एल्बम में “दादा किशन की जय” जैसी भावनात्मक धुनें शामिल हैं, जो दर्शकों को रेज़ांग ला के रणभूमि की गर्जना से जोड़ देंगी। ओपेरा हाउस का शाही माहौल इस कार्यक्रम को और भी यादगार बनाने वाला है।
इस फिल्म का निर्देशन रजनीश ‘रेज़ी’ घई ने किया है, जबकि इसे रितेश सिधवानी, फरहान अख़्तर (एक्सेल एंटरटेनमेंट) और अमित चंद्रा (ट्रिगर हैप्पी स्टूडियोज़) ने संयुक्त रूप से प्रोड्यूस किया है। यह एक्सेल एंटरटेनमेंट की एक महत्वाकांक्षी परियोजना मानी जा रही है। “120 बहादुर” भारतीय इतिहास की उन अनसुनी गाथाओं को सामने लाती है, जिसने दुनिया को भारतीय सैनिकों की अदम्य साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। फिल्म 21 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और देशभक्ति से जुड़ी फिल्मों की श्रेणी में एक खास पहचान बना सकती है।



