श्रीबांकेबिहारी महाराज
श्रीबांकेबिहारी मंदिर में सुबह एक नहीं, चार बार लगता है ठाकुरजी का बालभोग, जानिए आखिर कौन लगाते हैं भोग
वृंदावन। श्री बांकेबिहारी मंदिर में ठाकुरजी के बालभोग को लेकर हाल ही में उठे विवाद पर अब स्थिति स्पष्ट होती नजर आ रही है। मंदिर में सुबह के समय बालभोग निर्धारित समय पर न लगने की चर्चा के बाद सेवायतों के एक वर्ग ने परंपरा टूटने का आरोप लगाया था। हालांकि, मंदिर के सेवायत गोस्वामी एवं हाई पावर्ड कमेटी के सदस्य दिनेश गोस्वामी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि श्री बांकेबिहारी मंदिर में बालभोग की परंपरा नहीं टूटी है, क्योंकि ठाकुरजी का बालभोग एक नहीं बल्कि चार बार लगाया जाता है।
दिनेश गोस्वामी ने बताया कि श्री बांकेबिहारी मंदिर में ठाकुरजी के परम भक्त सेठ हरगुलाल की हवेली से बीते 105 वर्षों से नियमित रूप से पहला बालभोग लगाया जा रहा है और यह सेवा अपने निर्धारित समय पर संपन्न हुई। इसके अलावा दूसरा बालभोग दीपक गोस्वामी द्वारा परंपरागत रूप से लगाया जाता है, जो भी समय से ठाकुरजी को अर्पित किया गया।
उन्होंने बताया कि तीसरा बालभोग भक्त सहगल द्वारा सेवित किया जाता है। यह सेवा भी वर्षों से नियमित रूप से जारी है। सेवायत गोस्वामी ने बताया कि भक्त सहगल वर्ष में एक बार ठाकुरजी की करोड़ों रुपये की सेवा करते हैं, जो मंदिर की प्राचीन परंपराओं का हिस्सा है। इसके अतिरिक्त चौथा बालभोग भी सेवा क्रम में शामिल रहता है।
सेवायत गोस्वामी ने बालभोग में देरी को लेकर बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि मंदिर के एक भंडारी को साजिश के तहत भड़काया गया। समय पर वेतन न मिलने की स्थिति में स्वयं दिनेश गोस्वामी ने उन्हें पैसे दिए थे, इसके बाद भंडारी ठाकुरजी का भोग लेकर देर से मंदिर पहुंचा, जिससे भ्रम की स्थिति बनी। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले वर्ष 2016 में भी बालभोग कुछ समय के लिए बाधित हुआ था।
हाई पावर्ड कमेटी के निर्णय पर बोलते हुए उन्होंने आम जनता की भागीदारी को सही ठहराया। उन्होंने कहा कि ठाकुरजी की भोग व्यवस्था जिस परंपरा के अनुसार चलती आ रही है, वह आगे भी जारी रहेगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि प्रसाद जन-जन तक पहुंचे, इसके लिए आम श्रद्धालुओं की सहभागिता आवश्यक है, जिसे स्वीकार किया गया है। श्री बांकेबिहारी मंदिर में बालभोग की यह विस्तृत परंपरा आज भी श्रद्धा और आस्था के साथ निभाई जा रही है, और किसी भी प्रकार की परंपरा टूटने की बात निराधार है।



