गोपेश्वर महादेवः जब महादेव ने वृन्दावन में गोपी रूप किया धारण

  • Monday July 25 2022 - 11:35 AM
  •  

गोपेश्वर महादेव की लीला भी अजब है। एक तरफ श्रीकृष्ण के महारास के दर्शनों की लालसा में उनका गोपी रूप धारण करना और दूसरी तरफ वृन्दावन के साधकों के लिए वह कोतवाल हैं। भगवान शिव का वृन्दावन जैसा दुर्लभ स्वरूप किसी और स्थान पर नहीं मिलेगा। जहां भगवान शिव ने भी स्त्री की तरह 16 श्रृंगार किया। 

श्रीमद् भागवत में उल्लेख है जब रास करने की अभिलाषा से भगवान श्री कृष्ण ने वेणु यानि बांसुरी वादन आरम्भ किया तो उसके स्वर को सुनकर भगवान शिव भी प्रभु के रास दर्शन की अभिलाषा में वृन्दावन आ पहुँचे। सखियों ने उन्हें रोकते हुये कहा यहाँ पुरूषों का प्रवेश वर्जित है। रास में प्रवेश का अधिकार केवल गोपियों को हैं। यह सुनकर भगवान शिव ने  गोपी वेश धारण किया और बन गये गोपेश्वर महादेव।

कहा जाता है कि भगवान श्री कृष्ण की इस पावन लीला के बाद श्री कृष्ण के प्रपौत्र वज्रनाभ ने इन्हें खोजकर वंशीवट के समीप स्थापित किया। तभी से गोपेश्वर महादेव यहाँ भक्तों को दर्शन लाभ दे रहे हैं। यहाँ साधकों ने इन्हें इस पवित्र वन के कोतवाल की संज्ञा दी है, जिनके दरबार में हाजिरी दिये बिना बृज यात्रा पूर्ण नहीं मानी जाती है। जैसा कि चाचा हित वृन्दावनदास में  इस बात का उल्लेख है।

नाम विदित गोपेश्वर जिनकौ, ते वृंदा कानन कुतवार...

गोपेश्वर हर युग में प्रासंगिक 

बृज में वैष्णवों का भगवान शिव के साथ समन्वय अद्भुत है। महाप्रभु चैतन्य की परम्परा के अन्तर्गत रूप गोस्वामी जी ने आज से 485 साल पहले संवत् 1589 में अपनी संस्कृत रचना ‘विदग्ध माधव’ नाटक में गोपेश्वर महादेव के पौराणिक महत्व का उल्लेख किया। वल्लभ कुल के गोस्वामी विट्ठलनाथ जी की विक्रम संवत् 1600 की बृज यात्रा में वंशीवट के समीप गोपेश्वर का उल्लेख किया है। सुकवि जगतानन्द संवत् 1624 में गुसांई जी की दूसरी वन यात्रा के दौरान जहाँ बृज के आठ प्रसिद्ध महादेवों में गोपेश्वर का उल्लेख किया, वहीं उनकी ‘बृज ग्राम वर्णन’ रचना में भी इसकी जानकारी मिलती है। 

बृजवासी साधकों के कोतवाल गोपेश्वर महादेव   

वृन्दावन में राधाबल्लभ सम्प्रदाय के चाचा हित वृन्दावनदास ने वन का रक्षक गोपेश्वर को  माना । संवत् 1817 की रचना ‘हरि कला बेली’ में उन्होंने अब्दाली के द्वारा किये गये हमले की दुहाई देते हुए वृन्दावन के रक्षक गोपेश्वर से प्रार्थना करने के साथ ही मथुरा के भूतेश्वर तथा गोवर्धन के चकलेश्वर का भी उल्लेख किया है कि - वन रक्ष गोपेसुर पुरी रक्ष भूतनाथ, गिरी की तरहटी चक्रेसुर रक्षा करौ...                             

दतिया महाराज का उल्लेख

विक्रम संवत् 1822 में बृज यात्रा को आये दतिया के महाराज पारीछित देव ने भी गोपेश्वर के दर्शन करके अपनी बृज यात्रा को सार्थक किया। उनके साथ आये राजकवि नवल सिंह प्रधान ने लिखा है -

 दौज वृहस्पति कौं बहुर पारीछित नरदेव।

 पूजत भये विधान जुत गोपेश्वर महादेव।।                           

मणिपुर में भी गोपेश्वर का महत्व

ग्रन्थों में ऐसे सन्दर्भ मिलते हैं कि मणिपुर के महाराज चंद्रचूर्ण जब ‘गया’ में अभद्र व्यवहार में क्षुब्ध हुये तब उन्होंने मणिपुर के लोगों को धार्मिक कार्य के लिए राधाकुण्ड और वृन्दावन जाने की राजाज्ञा दी। मथुरा में ब्रिटिश काल के दौरान जिलाधिकारी एफ.एस.ग्राउस ने भी अपनी यादगार पुस्तक में गोपेश्वर महादेव के बारे में लिखा है।