अयोध्या के राममंदिर पर लहराया धर्मध्वज, PM मोदी बोले— “आज पूरी दुनिया राममय हो गई”
अयोध्या। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की जन्मभूमि पर निर्मित नव्य-भव्य दिव्य राममंदिर के आकाशचुंबी शिखर पर मंगलवार को इतिहास रचते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धर्मध्वजा का विधिवत आरोहण किया। लगभग दो किलो वजनी केसरिया ध्वजा जब 161 फीट ऊंचे शिखर पर लहराया, तो सम्पूर्ण परिसर में ऐसा लगा मानो मंदिर की दिव्यता और पूर्णता का शुभ उद्घोष स्वयं देवत्व कर रहा हो।
इस पवित्र क्षण में प्रधानमंत्री मोदी, RSS प्रमुख मोहन भागवत, संत समाज और वहाँ उपस्थित हजारों भक्तजन भाव-विभोर हो उठे। सभी की आँखों में श्रद्धा, उत्साह और वर्षों की प्रतीक्षा का चरम भाव स्पष्ट झलक रहा था। ऐसा प्रतीत हुआ कि सदियों की तपस्या, संघर्ष और प्रतीक्षा आज पूर्णता को प्राप्त हो गई।
“धर्मध्वजा पर बना कोविदार वृक्ष हमारी पहचान का प्रतीक” – PM मोदी
अपने उद्बोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने धर्मध्वजा पर अंकित कोविदार वृक्ष का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा “जब भरत जी अपनी सेना के साथ चित्रकूट पहुँचे, तब लक्ष्मण जी ने दूर से ही अयोध्या की सेना को पहचान लिया। वाल्मीकि रामायण में वर्णित है कि अयोध्या की धर्मध्वजा पर कोविदार वृक्ष बना था। यह वृक्ष हमें याद दिलाता है कि जब हम अपनी पहचान भूलते हैं, तब अपनी संस्कृति भी खो देते हैं।”
“मानसिक गुलामी से मुक्ति हमारा अगला संकल्प” – PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि 1835 में अंग्रेज अधिकारी मैकाले ने भारत में मानसिक गुलामी की नींव रखी थी। उन्होंने कहा: “1835 में वह गलत शुरुआत हुई थी। आने वाले 10 सालों में उसके 200 साल पूरे हो जाएंगे। हमने संकल्प लिया है कि अगले 10 वर्षों में देश को मानसिक गुलामी की मानसिकता से पूर्ण मुक्त करेंगे।”
राममंदिर परिसर में उमड़ा भक्ति और उत्साह का सागर
धर्मध्वज आरोहण के मौके पर अयोध्या में अद्भुत दृश्य देखने को मिला। मंदिर परिसर में जय श्रीराम के उद्घोष, शंखनाद, वैदिक मंत्रोच्चारण और संत समाज की उपस्थिति ने माहौल को अत्यंत आध्यात्मिक और दिव्य बना दिया। भक्तों ने इसे “राममंदिर निर्माण की आध्यात्मिक पूर्णता” का क्षण बताया।



