गाजीपुर बॉर्डर: 383 दिन बाद किसानों के साथ घर लौटेंगे राकेश टिकैत

  • Wednesday December 15 2021 - 09:29 AM
  •  

गाजीपुर बॉर्डर।  तीन कृषि कानूनों के विरोध में गाजीपुर बॉर्डर पर आन्दोलन करने वाले किसान नेता राकेश टिकैत 383 दिनों के बाद आज किसानों के साथ घर वापसी करेंगे। इससे पहले तीनों कृषि कानूनों की वापसी के बाद टिकरी बॉर्डर और सिंधु बॉर्डर लगभग खाली हो चुके हैं।

किसान नेता राकेश टिकैत आन्दोलन स्थल से घर वापस जाने से पहले किसानों के साथ हवन किया है। हवन करने के बाद किसान नेता गाजीपुर बॉर्डर से मोदीनगर, मेरठ, दौराला टोल प्लाजा, मंसूरपुर होते हुए सौरम और सिसौली पहुंचेंगे। 

बुधवार को किसान आन्दोलन का आखिरी दस्ता रवाना होगा। इसे लेकर सिसौली में किसान भवन को संजाया गया है। भाकियू के मीडिया प्रभारी धर्मेन्द्र मलिक ने बताया कि लंबे समय बाद घर वापसी के अवसर पर गाजीपुर से सिसौली तक जगह-जगह भंडारे और लंगर किए जाएंगे।