सांवरिया सेठ स्वरूप में ठाकुर श्रीबांकेबिहारी
ठाकुर बांकेबिहारी ने सांवरिया सेठ के रूप में भक्तों को दिए दर्शन
वृंदावन। ब्रज की धरा पर स्थित श्रीबांकेबिहारी मंदिर में रविवार को भक्तों को उस समय अद्भुत और मनमोहक दर्शन प्राप्त हुए, जब आराध्य ठाकुर बांकेबिहारी महाराज ने सांवरिया सेठ के स्वरूप में भक्तों को दर्शन दिए। ठाकुरजी के इस विशेष एवं दुर्लभ श्रृंगार की एक झलक पाने के लिए मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जैसे ही भक्तों ने ठाकुरजी के इस दिव्य स्वरूप के दर्शन किए, पूरा मंदिर परिसर जयकारों और भक्ति रस से सराबोर हो गया। श्रद्धालु आनंदित होकर “जय हो बांकेबिहारी लाल की” के जयघोष लगाने लगे।
मंदिर में इन दिनों सेवायत ज्ञानेंद्र किशोर गोस्वामी द्वारा ठाकुरजी का 127वां आनंद उत्सव सेवा महोत्सव मनाया जा रहा है। इस महोत्सव के अंतर्गत ठाकुरजी का प्रतिदिन अलग-अलग दिव्य एवं आकर्षक स्वरूपों में श्रृंगार किया जा रहा है, जिससे भक्तों को ठाकुरजी के विविध रूपों के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। इसी क्रम में रविवार प्रातःकाल ठाकुरजी का राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के मंडफिया स्थित प्रसिद्ध सांवरिया सेठ मंदिर के स्वरूप में विशेष श्रृंगार किया गया।
इस विशेष श्रृंगार में ठाकुरजी को पारंपरिक राजस्थानी शैली के अनुरूप मुकुट के स्थान पर आकर्षक पाग धारण कराई गई। इसके साथ ही ठाकुरजी के कंधे पर सुंदर पटुका सजाया गया, जिससे उनका स्वरूप अत्यंत मनोहारी और अलौकिक प्रतीत हो रहा था। ठाकुरजी के इस मनमोहक स्वरूप को देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए और बड़ी संख्या में भक्तों ने दर्शन कर अपने जीवन को धन्य माना।
ठाकुरजी के सांवरिया सेठ स्वरूप के दर्शन की फोटो एवं वीडियो श्रद्धालुओं द्वारा सोशल मीडिया पर लगातार साझा की जा रही हैं, जो तेजी से वायरल हो रही हैं। भक्तजन इस स्वरूप को अत्यंत दुर्लभ और सौभाग्यपूर्ण दर्शन मान रहे हैं।
सेवायत ज्ञानेंद्र किशोर गोस्वामी ने बताया कि श्रीबांकेबिहारी महाराज का 127वां आनंद उत्सव सेवा कार्यक्रम आगामी 28 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। इस उत्सव के दौरान ठाकुरजी की प्रेरणा से प्रतिदिन उनका भव्य एवं विशेष श्रृंगार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सांवरिया सेठ स्वरूप में श्रृंगार करते समय ठाकुरजी को विशेष रूप से पाग बांधी गई तथा कंधे पर पारंपरिक पटुका धारण कराया गया, जिससे भक्तों को राजस्थान के प्रसिद्ध सांवरिया सेठ स्वरूप के दर्शन प्राप्त हो सके।



