वृंदावन के राजकीय बाल गृह में किशोरी की हत्या, 5 बालिकाओं पर एफआईआर; मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश

  • Sunday August 23 2026 - 01:03 AM
  •  

वृंदावन। चैतन्य विहार स्थित राजकीय बाल गृह (बालिका) में 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। वारदात का आरोप साथ रहने वाली बालिकाओं पर लगा है। बाल गृह की प्रभारी अधीक्षिका की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद समेत अन्य बालिकाओं के खिलाफ हत्या, आपराधिक साजिश, साक्ष्य मिटाने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। वहीं, जिलाधिकारी ने मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं।

बाथरूम में अचेत मिली थी किशोरी

घटना शुक्रवार दोपहर की है। दोपहर करीब 3:30 बजे बाल गृह के कमरा नंबर 5 के बाथरूम में किशोरी अचेत अवस्था में मिली। प्रभारी अधीक्षिका प्रगति खरे ने उसे तत्काल जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डीएम सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मथुरा के ध्रुव घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।

सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा

किशोरी की मौत के बाद जब संस्थान के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली गई तो चौंकाने वाली बातें सामने आईं। फुटेज में सुबह 11:08 बजे किशोरी के साथ तीन नामजद बालिकाएं कमरा नंबर 5 के बाथरूम में जाती दिखीं। सुबह 11:30 बजे चौथी बालिका ने बाथरूम का दरवाजा खोलकर देखा और वापस अपने बिस्तर पर जाकर बैठ गई। इसके बाद सुबह 11:48 बजे दो बालिकाएं बाथरूम से बाहर आईं, लेकिन उनके साथ गई किशोरी बाहर नहीं निकली।

कैमरे तोड़ने और गुमराह करने का आरोप

अधीक्षिका के अनुसार, कमरा नंबर 5 की बालिकाओं से जब पूछताछ की गई तो वे लगातार गुमराह करती रहीं, जिससे किसी सोची-समझी साजिश की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा 21 अगस्त की शाम 5 बजे आरोपी बालिकाओं को कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ते हुए भी देखा गया था।

बरेली की रहने वाली थी मृतक किशोरी

डीपीओ विकास चंद्र ने बताया कि मृतक किशोरी मूल रूप से बरेली की रहने वाली थी। उसकी मां मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और लखनऊ के राजकीय मानसिक चिकित्सालय में भर्ती हैं। बाल कल्याण समिति बरेली के आदेश पर किशोरी को 17 जून 2026 को रामपुर के शिशु गृह से वृंदावन लाया गया था। वह चौतन्य विहार स्थित एक स्कूल में कक्षा 2 की छात्रा थी। वर्तमान में इस बाल गृह में 141 बालिकाएं रह रही हैं, जिनमें 112 निराश्रित हैं और शेष पॉक्सो (POCSO) मामलों से जुड़ी हैं।

सीओ सदर वरुण मिश्रा ने बताया कि अधीक्षिका की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।